कैमूर में रिश्ते तार-तार: नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से चाचा ससुर पर दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज
भभुआ थाना | Prabhat Khabar Network
कैमूर में रिश्तों को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है, जहां चाचा ससुर पर महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है. मदद का झांसा देकर आरोपी महिला के संपर्क में आया था.
Kaimur News: जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. रिश्ते की आड़ में एक विवाहिता को झांसा देकर होटल ले जाने, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत पर भगवानपुर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
मदद का झांसा देकर संपर्क में आया था आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि शादी के बाद से ही आरोपी उसके संपर्क में आया था. रिश्ते में चाचा ससुर लगने वाले आरोपी ने खुद को मददगार बताते हुए महिला का भरोसा जीत लिया था. उसने भरोसा दिलाया था कि किसी भी जरूरत या परेशानी में वह हमेशा साथ देगा. इसी भरोसे की आड़ में आरोपी ने उसे अपने जाल में फंसा लिया.
काम के बहाने भभुआ के होटल में ले गया
पीड़िता के अनुसार, पांच जनवरी 2026 को उसे किसी जरूरी कार्य से भभुआ जाना था. इसी दौरान आरोपी ने भी भभुआ में काम होने की बात कही और उसे साथ चलने को राजी कर लिया. आरोप है कि भभुआ पहुंचने पर आरोपी ने जरूरी काम का बहाना बनाया और उसे शहर के एक होटल में ले गया. होटल के कमरे में महिला को धोखे से नशीला पदार्थ मिला हुआ पेय पिला दिया गया, जिससे वह बेसुध हो गई.
आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि बेसुध होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. जब उसे होश आया तो उसने खुद को निर्वस्त्र पाया. होश में आने के बाद जब उसने इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया. आरोपी ने साफ कहा कि यदि उसने पति या पुलिस को कुछ भी बताया, तो उसने जो आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए हैं, उन्हें इंटरनेट पर वायरल कर देगा.
बदनामी के डर से सहती रही, फिर दर्ज कराई FIR
आरोपी की लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक लोकलाज के भय से पीड़िता काफी समय तक घुटती रही और किसी से कुछ नहीं कह सकी. हालांकि, जब उसने हिम्मत जुटाकर अपने पति को पूरी दास्तां सुनाई, तो पति ने भी समझने के बजाय उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया. बेसहारा होने के बाद पीड़िता ने सीधे पुलिस की शरण ली और लिखित आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई. मामले में भगवानपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया, "पीड़िता के आवेदन के आधार पर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है."
Also Read: कैमूर: बाइक के सामने अचानक दौड़ा कुत्ता, अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी महिला; इलाज के दौरान तोड़ा दम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए