भभुआ में फुटबॉल लीग का रोमांच, जमुआव और सारंगपुर के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ
खिलाड़ी एवं अतिथि | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिला फुटबॉल लीग में जमुआव और सारंगपुर के बीच खेला गया रोमांचक मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। जानिए मैच की पूरी जानकारी और आगामी मुकाबलों का विवरण।
Kaimur News : जिला फुटबॉल संघ कैमूर के तत्वावधान में जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में चल रही जिला स्तरीय फुटबॉल लीग चैंपियनशिप में मंगलवार को विनिंग फुटबॉल क्लब जमुआव और आदर्श फुटबॉल क्लब सारंगपुर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा.
आपके शहर में
पहले हाफ में गोल के लिए तरसती रहीं दोनों टीमें
मैच का शुभारंभ राजेंद्र राम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने कई बार गोल करने के मौके बनाए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति और शानदार गोलकीपिंग के कारण कोई भी टीम गेंद को गोलपोस्ट में नहीं पहुंचा सकी. पहले हाफ का खेल 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ.
किसान गुप्ता ने जमुआव को दिलाई बढ़त
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. जमुआव के स्टार खिलाड़ी किसान गुप्ता ने जर्सी नंबर 12 में शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. गोल के बाद जमुआव के खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला, लेकिन सारंगपुर की टीम ने जल्द ही वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया.
रवि कुमार के गोल से बराबरी पर पहुंचा मैच
सारंगपुर के रवि कुमार ने जर्सी नंबर 09 में शानदार गोल कर अपनी टीम का स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका. इस तरह मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला.
दर्शकों ने तालियों से बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मैच के दौरान जगजीवन स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों से उत्साह बढ़ाया. मुकाबले में मुख्य रेफरी की भूमिका राजेश कुमार राय उर्फ गुड्डू राय ने निभायी. सहायक रेफरी के रूप में असरफ, राजू गद्दी एवं इम्तियाज अली मौजूद रहे.
मौके पर जिला फुटबॉल संघ के जिला सचिव निर्मल यादव, उपाध्यक्ष बिरजू पटेल, अमजद अली, मीडिया प्रभारी तुलसी पटेल, मुकेश पटेल, जगनारायण यादव सहित कई खेलप्रेमी एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे.
आज होंगे जिला लीग के दो मुकाबले
जिला स्तरीय फुटबॉल लीग चैंपियनशिप में बुधवार, दो सितंबर को दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहले मुकाबले में बिरसा मुंडा फुटबॉल क्लब बड़गांव खुर्द, अधौरा का सामना फुटबॉल क्लब दुग्धा, अधौरा से होगा. वहीं दूसरे मुकाबले में फुटबॉल क्लब देवरी, अधौरा और फुटबॉल क्लब भभुआ की टीमें आमने-सामने होंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए