कैमूर: फांसी के फंदे पर झूली विवाहिता, जांच में पति की भूमिका उजागर; पुलिस ने दबाव बनाने के आरोप में किया गिरफ्तार
गिरफ्तार पति | Prabhat Khabar Network
चैनपुर के भदौरा गांव में विवाहिता की आत्महत्या मामले में पुलिस ने पति अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। महिला पर दबाव बनाने का आरोप सिद्ध हुआ है।
Kaimur News : चैनपुर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसंधान में पति पर भी विवाहिता पर दबाव बनाने की बात सामने आई है. इसके बाद पुलिस ने पति अनिल कुमार को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
आपके शहर में
15 मई को घर में फंदे से लटका मिला था शव
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 15 मई को अनिल कुमार की पत्नी राजवंती कुमारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गयी. इस संबंध में मृतका के भाई राम लखन कुमार, निवासी जिगनपुरवा, थाना भभुआ के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
युवक पर लगाया गया था बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
मृतका के भाई ने अपने बयान में भदौरा निवासी बिहारी पासवान के पुत्र मनोहर पासवान पर उसकी बहन को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया था. परिजनों के अनुसार, मनोहर पासवान राजवंती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. बाद में खोजबीन के बाद उसे वापस घर लाया गया था.
वापस आने के बाद भी बनाया जा रहा था दबाव
परिजनों ने आरोप लगाया था कि राजवंती के वापस घर आने के बाद भी मनोहर पासवान द्वारा उस पर दोबारा भाग जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. इसी मामले को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की.
जांच में पति पर भी दबाव बनाने की बात सामने आई
थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि अनुसंधान के दौरान राजवंती पर उसके पति अनिल कुमार द्वारा भी काफी दबाव बनाए जाने की बात सामने आयी. पुलिस जांच में महिला के आत्महत्या करने के कारणों में पति के दबाव की भूमिका भी पायी गयी. इसके बाद पुलिस ने अनिल कुमार को मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया.
मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल जांच कराया गया और इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए