धवपोखर में पक्की सड़क की मांग पर भूख हड़ताल: महादलित व अल्पसंख्यक टोले के लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार
भूख हड़ताल पर बैठे महिला पुरुष व युवक | Prabhat Khabar Network
धिवपोखर गांव में पक्की सड़क की मांग को लेकर महादलित व अल्पसंख्यक समुदाय के ग्रामीण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. एक किमी कच्ची सड़क से बच्चों को हो रही परेशानी.
रामपुर (कैमूर): प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धवपोखर गांव के महादलित टोला और +2 उच्च विद्यालय जलालपुर को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए मंगलवार से दर्जनों ग्रामीण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. प्रदर्शन में महादलित और अल्पसंख्यक समुदाय सहित गांव के महिला व पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हैं. ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जब तक सड़क निर्माण की ठोस पहल नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा.
एक किमी कच्ची सड़क से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों की मांग है कि दुबौली-तेनुआ पथ के लिंक रोड (सिसवार के ताल) से धवपोखर महादलित टोला होते हुए जलालपुर +2 उच्च विद्यालय तक की एक किलोमीटर कच्ची सड़क का पक्कीकरण कराया जाए. इस सड़क के नहीं बनने से स्कूली छात्र-छात्राओं को करीब चार किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर विद्यालय जाना पड़ता है. बरसात के दिनों में जलजमाव और कीचड़ के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे आपात स्थिति में भी गांव से निकलना दूभर हो जाता है.
जनप्रतिनिधियों से सिर्फ मिला आश्वासन
अनशनकारियों ने रोष जताते हुए कहा कि पक्की सड़क के लिए स्थानीय मुखिया, विधायक से लेकर सांसद तक कई बार गुहार लगाई गई. दर्जनों बार अधिकारियों द्वारा सड़क की मापी भी कराई गई और सिर्फ आश्वासन की घुट्टी पिलाई गई, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ. बार-बार की उपेक्षा से तंग आकर ग्रामीणों ने भूख हड़ताल के जरिए जिला प्रशासन से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है.
मांग पूरी होने तक आंदोलन का ऐलान
भूख हड़ताल पर बैठे द्वारिका साह, राधाकिशुन राम सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण बच्चों का भविष्य अधर में है. ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मांग की है कि इस एक किलोमीटर लंबे लिंक रोड के निर्माण को तत्काल स्वीकृति दी जाए, ताकि लोगों को नरकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए