कैमूर के चैनपुर में स्कूल व बुनियादी सुविधाओं की मांग पर एनएच-219 जाम, ढाई घंटे हलकान रहे यात्री
सड़क जाम करते आक्रोशित ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
कैमूर के चैनपुर में प्राथमिक विद्यालय व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने NH-219 जाम कर दिया. सड़क जाम से यात्रियों को भारी परेशानी हुई.
चैनपुर (कैमूर): प्रखंड क्षेत्र के बसवनापुर गांव में आजादी के दशकों बाद भी प्राथमिक विद्यालय नहीं बनने से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. बुनियादी सुविधाओं की घोर अनदेखी से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने परैया मोड़ के समीप एनएच-219 को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम होने से भभुआ-धरौली मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. भीषण गर्मी और तेज धूप में करीब ढाई घंटे तक यात्री बसें, छोटे वाहन और राहगीर जाम में फंसे रहे.

दूसरे गांव जाने पर विवाद, पढ़ाई छूटी
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. महिलाओं ने बताया कि गांव में न तो प्राथमिक विद्यालय है और न ही आंगनबाड़ी केंद्र. बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता है, जहां आए दिन विवाद व मारपीट की नौबत आती है. असुरक्षा के डर से कई बच्चों ने स्कूल जाना ही छोड़ दिया है. सड़क पर उतरे बच्चों ने भी एक स्वर में कहा कि गांव में ही स्कूल की सुविधा मिलने पर उनकी पढ़ाई सुरक्षित और सुचारू रूप से चल सकेगी.

मंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया
प्रदर्शनकारियों ने चैनपुर विधायक सह बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान के खिलाफ नारेबाजी की. ग्रामीणों का आरोप था कि चुनाव से पहले स्कूल की मांग पर उन्होंने वोट बहिष्कार का ऐलान किया था, तब मंत्री ने जीत के बाद तुरंत स्कूल बनवाने का वादा किया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया. मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम पटेल ने भी कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांव का स्कूल विहीन रहना विकास के दावों की असलियत उजागर करता है.

नाली-गली और छठ घाट का भी अभाव
ग्रामीणों ने कहा कि यह लड़ाई केवल स्कूल तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव में जल निकासी के लिए पक्की नाली और गलियों की व्यवस्था तक नहीं है. गांव के तालाब पर पक्का छठ घाट नहीं होने से लोक आस्था के महापर्व पर व्रतियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ती है. इधर, जाम की सूचना पर पहुंचे अंचलाधिकारी (सीओ) ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर ढाई घंटे बाद आवागमन सामान्य कराया. ग्रामीणों ने अल्टीमेटम दिया कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन होगा.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए