कैमूर में करंट की चपेट में आकर गर्भवती भैंस की मौत, ग्रामीण पशुपालक को भारी नुकसान
Bihar News: कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैयां पंचायत के मसहीं गांव में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक गर्भवती भैंस की मौत हो गई. घटना में पशुपालक को लगभग 70 से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
Bihar News:(पंकज सिंह) भगवानपुर थाना क्षेत्र के मसहीं गांव में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे दर्दनाक हादसा हो गया. गांव के पशुपालक डिंपल खरवार की गर्भवती भैंस विद्युत करंट की चपेट में आकर मौके पर ही मर गई. जानकारी के अनुसार, पशुपालक ने रोज की तरह सुबह भैंस को खूंटे से खोलकर चरने के लिए छोड़ा था. इसी दौरान भैंस चरते-चरते नहर पुल के पास पहुंच गई, जहां एलटी बिजली तार जमीन पर गिरा हुआ था.
आपके शहर में
जमीन पर गिरे तार से फैला हाई वोल्टेज करंट
स्थानीय लोगों के अनुसार, गिरा हुआ एलटी तार कृषि फीडर से जुड़ा था, जिसमें हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था. जैसे ही भैंस उस तार के संपर्क में आई, वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पशुपालक ने तत्काल विद्युत तार का कनेक्शन हटाया और विभाग को फोन कर घटना की सूचना दी.
6 महीने की गर्भवती थी भैंस, भारी आर्थिक नुकसान
पीड़ित पशुपालक डिंपल खरवार ने बताया कि मृत भैंस लगभग 6 महीने से गर्भवती थी और उसकी अनुमानित कीमत 70 से 80 हजार रुपये थी. इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.घटना के बाद पशुपालक सदमे में है और उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर थाना, अंचल, विद्युत विभाग और पशुपालन विभाग में आवेदन देने की बात कही है.
ग्रामीणों में नाराजगी, बिजली व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले सप्ताह आए तूफान के कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था काफी प्रभावित हुई थी. कुछ दिन पहले ही बिजली आपूर्ति बहाल की गई थी, लेकिन लापरवाही के कारण जमीन पर गिरा तार हादसे का कारण बन गया. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तारों की नियमित जांच और मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों.
प्रशासन से मुआवजे की मांग
पशुपालक और ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि यह घटना विभागीय लापरवाही का नतीजा है, इसलिए पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए