Jharkhand Breaking News Live: ज्यादा कमाई के चक्कर में जसीडीह के युवक ने गंवाए 35 हजार रुपये
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के LIVE सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
ज्यादा कमाई के चक्कर में जसीडीह के युवक ने गंवाए 35 हजार रुपये
देवघर : ज्यादा कमाई के चक्कर में जसीडीह निवासी कुंदन कुमार 35 हजार रुपये गंवा बैठा. बुधवार को उसने साइबर थाने में आवेदन देकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. कुंदन ने बताया कि अमेजॉन एवं फ्लिपकार्ट द्वारा कुंदन को ऑनलाइन दोगुना कमाई का ऑफर मिला था. उसने दी गयी जानकारियों के आधार पर लिंक पर क्लिक कर 500 रुपये डाला. कुछ देर के बाद उसके वॉलेट में 1600 सौ रुपये आ गये, जिससे उसकी लालच बढ़ गयी. लालच में ज्यादा कमाई की चाहत में कुछ देर बाद फिर से दो बार में 25 हजार एवं 10 हजार रुपये जमा कर दिये. मगर, उसके वॉलेट में फिर कोई राशि रिटर्न नहीं हो सकी. परेशान होकर उसने घंटों टोल फ्री नंबर से लेकर अन्य फोन नंबरों तक जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की, मगर उसे किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल सकी. खुद को ठगा महसूस करते हुए साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है. फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
देवघर के बाबा मंदिर में उपनयन एवं मुंडन कराने आये भक्तों की उमड़ी भीड़
देवघर : ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष पंचमी तिथि के अवसर पर बाबा मंदिर में मुंडन एवं उपनयन कराने आये भक्तों की काफी भीड़ देखी गयी. मंदिर में गर्मी से राहत के लिए बनाये गये शेड के नीचे जगह- जगह भक्तों को मुंडन एवं उपनय संस्कार कराते देखा गया. शुभ दिवस होने के कारण सुबह से लेकर देर शाम तक करीब दो हजार लोगों ने अपने बच्चे का मुंडन कराया, वहीं पांच सौ के करीब भक्तों ने उपनयन कराया. दरभंगा से आये रामजी चौधरी ने बताया कि मिथिला से आये लोगों का बाबा भोले नाथ का पुराना नाता है. हमारे बच्चों का मुंडन एवं उपनयन संस्कार बाबा के प्रांगण में ही होता है. ये परंपरा प्राचीन समय से ही चली आ रही है. इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दोनों बच्चों का मुंडन भी इसी परिसर में कराने के लिए आये हैं. एक मुंडन संस्कार में परिवार से करीब बीस से पच्चीस लोग शामिल होने पहुंचते हैं. जिसके कारण इन दिनों मिथिला क्षेत्र खासकर मुंडन एवं उपनय वाले दिनों में अधिक लोगों का आगमन होता है. इसमें मुख्य रूप से मधुबनी, सहरसा, सीतामढ़ी के अलावा नेपाल के जनकपुर से भी लोगों की अधिक संख्या होती है.
दुमका-पाकुड़ मार्ग पर हाईवा व बस में भिड़ंत, जवान समेत आधा दर्जन यात्री घायल
दुमका नगर : दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नकटी गांव के पास बुधवार को यात्रियों से भरी बस और हाइवा के आमने-सामने टक्कर में बस में सफर कर रहे करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गये. लोगों की सहायता से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है. घायलों में पाकुड़ पुलिस के जवान कनक बास्की और देवघर जिलांतर्गत सारठ थाना क्षेत्र के उमाचरण मिश्रा शामिल हैं. घायल जवान रानीश्वर थाना क्षेत्र के बाखला सुखजोड़ा का रहनेवाला है. घायल ने बताया वह रांची से ट्रैनिंग कर सानिया बस से पाकुड़ लौट रहा था. नकटी गांव के पास सामने से आ रही हाईवा के जोरदार धक्के से बस क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में सभी यात्रियों को हल्की चोटे आयी. हादसे के बाद लोगों ने हाईवा के चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना के एएसआई मंगल उरांव दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लायी. आगे की कार्रवई की जा रही है.
रांची के नावाडीह गांव के समीप सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत
बुंडू : रांची-टाटा मार्ग स्थित दशम फॉल थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव के समीप सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गयी. बताया गया कि स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गये. जिसे उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल, बुंडू लाया गया. जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. दोनों मृतक बुंडू थाना क्षेत्र के कोडदा गांव निवासी सनीका मुंडा (उम्र 52 वर्ष) और उसका बेटा सुखदेव मुंडा (34 वर्ष ) है. दोनों के शव को दशम फॉल थाना पुलिस पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया है. बताया गया कि दोनों मामा के यहां भोज में शामिल होने के लिए किताबेड़ा, बुंडू गांव जा रहा था. इसी दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आ गया. इधर, उनके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना से ग्रामीणों में शोक की लहर है.
रामचंद्रपुर के पास पिकअप वैन ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चालक सहित 2 यात्री घायल
चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर-सोनुवा मुख्य मार्ग स्थित रामचंद्रपुर पेट्रोल पंप के पास पिकअप वैन ने ई-रिक्शा को जोरदार धक्का मार दिया. जिससे ई-रिक्शा चालक चांदमारी निवासी अक्षय कुमार रावत राय के अलावा ई-रिक्शा में सवार लौड़िया गांव निवासी प्रीति कांडेयांग तथा आशा कांडेयांग गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार, आशा और प्रीति चक्रधरपुर गुदड़ी बाजार साप्ताहिक हाट करने आये थे. वापस जाने के दौरान रामचंद्रपुर के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन ने ई-रिक्शा को धक्का मारा. सभी घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया. जहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया.
CM हेमंत सोरेन से मिलने पहुंचे बिहार सीएम नीतीश कुमार व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव

रांची : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने उनके आवास पहुंचे. कांके रोड स्थित उनके आवास में सीएम हेमंत सोरेन ने दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया. सभी नेता पत्रकारों से बात कर रहे हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए