युवक ने घर में फांसी लगाकर दी जान, फिर एक किमी दूर बगीचे में मिला शव; पत्नी से मारपीट का आरोप

Updated:
विज्ञापन

रोते बिलखते परिजन व भीड़ की फोटो | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

विज्ञापन

Jehanabad News : जहानाबाद जिले के रतनी परसबिगहा थाना क्षेत्र के पहाड़ीबिगहा गांव में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. युवक की पहचान मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कोईली गांव निवासी पवन कुमार के पुत्र अनुज कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अनुज ने अपने ननिहाल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि घटना के बाद शव को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बगीचे में ले जाकर छिपाये जाने से मामला और उलझ गया है. पुलिस ने करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद बगीचे से शव बरामद किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

बचपन से ननिहाल में रह रहा था अनुज

अनुज तीन भाइयों में एक था. उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी थी. इसके बाद तीनों भाई बचपन से अपने नाना-नानी के घर पहाड़ीबिगहा में रह रहे थे. इसी वर्ष फरवरी में अनुज की शादी कसई गांव में अंजली कुमारी से हुई थी. शादी के बाद कुछ महीनों तक पति-पत्नी साथ रहे, लेकिन विवाद के बाद करीब एक महीने से अंजली अपने मायके में रह रही थी.

सुबह विवाद के बाद फांसी लगाने की चर्चा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना से पहले सुबह अनुज की पत्नी से बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान विवाद होने की बात कही जा रही है. इसके बाद नानी से भी किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ. इसी के बाद गुस्से में अनुज के फांसी लगाने की बात सामने आयी.

हालांकि मृतक के ससुर दिनकर कुमार ने पत्नी से उस दिन अनुज की बातचीत होने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की अनुज से कोई बातचीत नहीं हुई थी. ऐसे में युवक ने आखिर किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

एक किमी दूर बगीचे में मिला शव

घटना की जानकारी मृतक के पिता और ससुराल पक्ष के लोगों को दी गयी. परिजन मौके पर पहुंचे तो शव घटनास्थल से गायब था. बताया गया कि शव को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बगीचे में ले जाकर छिपा दिया गया था.

इस बात को लेकर परिजनों में आक्रोश फैल गया और डायल-112 को सूचना दी गयी. इसके बाद डायल-112 की टीम ने परसबिगहा थानाध्यक्ष को जानकारी दी. थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव की तलाश शुरू की. करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद बगीचे से शव बरामद किया गया.

FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये नमूने

शव बरामद होने के बाद FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किये हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

मामले की जांच करते पुलिस रोते बिलखते  परिजन व भीड़ की फोटो | Prabhat Khabar Network
मामले की जांच करते पुलिस

गर्भवती पत्नी से मारपीट का आरोप

मृतक की मौत की सूचना मिलने पर उसकी गर्भवती पत्नी अंजली कुमारी भी पति का शव देखने घटनास्थल पर पहुंची. मृतक के ससुर दिनकर कुमार ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ मारपीट की गयी. हालांकि इस संबंध में अभी पुलिस के समक्ष कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी है.

पुलिस बोली-पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

परसबिगहा थानाध्यक्ष सर्वनारायण ने बताया कि युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. FSL टीम ने भी घटनास्थल से नमूने लिये हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन