दुकान के आगे गाड़ी खड़ी करने से रोका तो भड़का विवाद, फल विक्रेता का रॉड से सिर फोड़ा; नकद व लॉकेट छीना
जहानाबाद में दुकान के आगे गाड़ी खड़ी करने का विरोध करने पर फल विक्रेता के साथ मारपीट, सिर फोड़ा और नकदी-सोने का लॉकेट लूटा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के बारह भगवान मंदिर स्टेशन रोड के पास दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि फल विक्रेता पर लोहे की रॉड से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया. आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर दुकान से 5,500 रुपये नकद और फल विक्रेता के गले से सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गये. घायल फल विक्रेता का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया. मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है.
आपके शहर में
दुकान के आगे गाड़ी लगाने से शुरू हुआ विवाद
ऊंटा मदारपुर निवासी फल विक्रेता सुमीद कुमार ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि काको रोड बस स्टैंड निवासी अमन कुमार ने अपनी गाड़ी उनकी दुकान के ठीक सामने खड़ी कर दी थी. इससे ग्राहकों का रास्ता बाधित हो रहा था.
सुमीद ने गाड़ी थोड़ा आगे करने का अनुरोध किया. आरोप है कि इस पर अमन कुमार गाली-गलौज करने लगा और परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए वहां से चला गया.
कुछ देर बाद भाई और साथियों के साथ पहुंचा युवक
पीड़ित के अनुसार, कुछ ही देर बाद अमन कुमार अपने भाई सागर कुमार और 6-7 अन्य लोगों के साथ दुकान पर पहुंच गया. आरोपियों ने आते ही सुमीद के साथ मारपीट शुरू कर दी.
इसी दौरान आरोप है कि अमन कुमार ने पीछे से लोहे की रॉड से सुमीद के सिर पर वार कर दिया. रॉड लगने से उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
दुकान का सामान बिखेरा, गल्ले से रुपये निकालने का आरोप
सुमीद ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान धनंजय विश्वकर्मा ने दुकान का सामान इधर-उधर फेंक दिया. इसके बाद गल्ले में रखे 5,500 रुपये नकद निकाल लिये गये. आरोपियों ने उसके गले में पहना बजरंगबली का सोने का लॉकेट भी छीन लिया.
आसपास के दुकानदारों को मौके पर आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले.
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने घायल सुमीद कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. इसके बाद पीड़ित ने नगर थाना में लिखित शिकायत दी.
नगर थाना पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए