जहानाबाद में अब मनमाने रूट पर नहीं दौड़ेंगे ऑटो! DM ने तय किया प्लान, बनेगा नया टेंपो स्टैंड
समीक्षा बैठक में शामिल डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद डीएम ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ऑटो की कलर कोडिंग, रूट निर्धारण और व्यवस्थित ऑटो स्टैंड बनाने के निर्देश दिए हैं।
Jehanabad News : शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने कई अहम फैसले लिये हैं. अब शहर में ऑटो का परिचालन निर्धारित रूट के अनुसार कराने की तैयारी है. इसके लिए ऑटो की कलर कोडिंग और रूट निर्धारण किया जायेगा. वहीं बत्तीस भंवरिया से काको मोड़ के बीच जिला परिषद की जमीन को चिह्नित कर व्यवस्थित ऑटो स्टैंड और पार्किंग के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया है.
आपके शहर में
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति और परिवहन-यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक में ये निर्णय लिये गये. बैठक में सुरक्षित यातायात, ऑटो और बस परिचालन, पार्किंग, अतिक्रमण, सड़क सुरक्षा तथा सड़क-नालों की साफ-सफाई समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई.
अब तय रूट पर ही चलेंगे ऑटो
शहरी यातायात को व्यवस्थित करने के लिए डीएम ने ऑटो की कलर कोडिंग कराने और अलग-अलग रूट निर्धारित करने का निर्देश दिया. निर्धारित रूट के अनुसार ही ऑटो चलेंगे. इसके अनुपालन की नियमित निगरानी भी की जायेगी.
प्रशासन का मानना है कि इससे सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.
बत्तीस भंवरिया-काको मोड़ के बीच बनेगा ऑटो स्टैंड
सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े ऑटो और वाहनों के कारण लगने वाले जाम से निबटने के लिए बत्तीस भंवरिया से काको मोड़ तक जिला परिषद की जमीन की पहचान करने का निर्देश दिया गया है. इस जमीन का नियमानुसार बंदोबस्त कर वहां व्यवस्थित ऑटो स्टैंड विकसित किया जायेगा.
इससे सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग कम होने की उम्मीद है. साथ ही जिला परिषद के लिए राजस्व का एक नया स्रोत भी तैयार होगा.
राजा बाजार अंडरपास के नालों की होगी सफाई
राजा बाजार अंडरपास की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अरवल मोड़ से राजा बाजार तक सड़क किनारे से स्थायी अतिक्रमण हटा दिया गया है. डीएम ने नगर परिषद को अंडरपास और आसपास के नालों की बेहतर सफाई कराने का निर्देश दिया, ताकि जलनिकासी सुचारू रहे और बारिश के दौरान आवागमन प्रभावित न हो.
किंजर पुल निर्माण से बस परिचालन प्रभावित
बैठक में बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि किंजर के आसपास पुल निर्माण के कारण जहानाबाद से अरवल की ओर बसों के परिचालन में परेशानी हो रही है. डीएम ने संबंधित विभाग को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया.
हाइवे किनारे की झाड़ियों की भी होगी सफाई
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की नियमित सफाई कराने को कहा. झाड़ियों की वजह से सड़क पर दृश्यता प्रभावित होने और दुर्घटना की आशंका रहती है. सफाई होने से वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिलेगी और सुरक्षित यातायात में मदद मिलेगी.
जाम वाले स्थानों की होगी पहचान
डीएम ने परिवहन विभाग, नगर परिषद और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से शहर में जाम के प्रमुख बिंदुओं की पहचान करने का निर्देश दिया. साथ ही पार्किंग व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन की नियमित समीक्षा करने को कहा.
डीएम ने कहा कि जिले में आम लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. यातायात से जुड़ी समस्याओं का विभागीय समन्वय से समयबद्ध समाधान किया जाये और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए