ठाकुरवाड़ी का ताला तोड़कर चांदी का मुकुट ले उड़े चोर, बक्से से 3 हजार भी गायब; दूसरी बार हुई चोरी

Updated:
विज्ञापन

पाली थाना क्षेत्र के मुरहारी गांव स्थित ठाकुरवाड़ी में चोरों ने ताला तोड़कर चांदी का मुकुट और तीन हजार रुपये नकद उड़ा लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Jehanabad News : काको के पाली थाना क्षेत्र के मुरहारी गांव स्थित ठाकुरवाड़ी में अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर ठाकुर जी का चांदी का मुकुट और महंत के बक्से में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये. शुक्रवार की सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों ने ठाकुरवाड़ी का ताला टूटा देखा, जिसके बाद घटना का पता चला.

आपके शहर में

विज्ञापन

महंत के अयोध्या जाने के बाद बनाया निशाना

ग्रामीणों के अनुसार ठाकुरवाड़ी में ठाकुर जी की सुबह-शाम नियमित पूजा महंत मनोज बाबा करते हैं. घटना से करीब एक सप्ताह पहले महंत मनोज बाबा अयोध्या चले गये थे. इसी दौरान चोरों ने ठाकुरवाड़ी को निशाना बनाया.

रात में ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने पहले ठाकुर जी का चांदी का मुकुट चोरी किया. इसके बाद महंत के बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब तीन हजार रुपये भी निकाल लिये और फरार हो गये.

सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीण तो खुला राज

शुक्रवार की सुबह ग्रामीण पूजा के लिए ठाकुरवाड़ी पहुंचे. वहां मुख्य ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई. अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला और चांदी का मुकुट गायब था. इसके बाद चोरी की खबर पूरे गांव में फैल गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण ठाकुरवाड़ी पहुंच गये.

ग्रामीणों ने तत्काल पाली थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की.

एक साल में दूसरी बार चोरी से नाराजगी

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी ठाकुरवाड़ी में चोरी की घटना हुई थी. अब दोबारा चोरी होने से ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने पुलिस से जल्द मामले का उद्भेदन कर चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद करने की मांग की है.

पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

पाली थानाध्यक्ष शिशुपाल कुमार ने बताया कि ठाकुरवाड़ी में चोरी की घटना की सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन