जहानाबाद में विशेष लोक अदालत को लेकर जागरूकता अभियान शुरू, 18 जुलाई को होगा चेक बाउंस मामलों का निपटारा

Updated:
विज्ञापन
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाते जिला जज

जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाते जिला जज

Jehanabad Special Lok Adalat : जहानाबाद में 18 जुलाई को एक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य चेक बाउंस मामलों का त्वरित और निःशुल्क निपटारा करना है. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जन-जागरूकता अभियान चलाया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें.

विज्ञापन

Jehanabad Special Lok Adalat : जहानाबाद में 18 जुलाई को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है. जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को लोक अदालत के लाभ और प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है.

जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

दरअसल, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर शनिवार को जहानाबाद एवं अरवल व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की. व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विकास कुमार ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में भ्रमण कर लोगों को विशेष लोक अदालत की उपयोगिता, प्रक्रिया और लाभों की जानकारी देगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें.

18 जुलाई को होगा चेक बाउंस मामलों का निपटारा

18 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित विशेष लोक अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा-138 के तहत लंबित चेक बाउंस मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निःशुल्क एवं त्वरित निपटारा किया जाएगा. इस दौरान पक्षकारों को किसी प्रकार का अतिरिक्त न्यायालय शुल्क नहीं देना होगा और समझौते के आधार पर विवाद का स्थायी समाधान कराया जाएगा.

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने लोगों से की अपील

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने कहा कि लोक अदालत न्याय प्राप्त करने का सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है. उन्होंने चेक बाउंस मामलों के पक्षकारों से विशेष लोक अदालत में शामिल होकर बिना अतिरिक्त खर्च के विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा वर्षों तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से भी राहत मिलेगी.

लोगों तक पहुंचाई जा रही है विशेष लोक अदालत की जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ब्रजेश कुमार ने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक लोगों तक विशेष लोक अदालत की जानकारी पहुंचाई जा रही है. उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को त्वरित, सुलभ और किफायती न्याय उपलब्ध कराना है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित चेक बाउंस मामलों का आपसी सहमति से निपटारा कराएं.

कई न्यायिक पदाधिकारी रहे मौजूद

जागरूकता रथ को रवाना करने के दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सतीश कुमार देव, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण कुमार शर्मा, द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार सिन्हा, विशेष उत्पाद न्यायालय संख्या-2 के न्यायाधीश मो. अनायत करीम, तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद कमरुल हसन रिजवी, चतुर्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार सिंह, सप्तम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुष्पांजलि कुमारी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कौशलेंद्र कुमार शुक्ला, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अदिति कुमारी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी आरव जैन, न्यायिक दंडाधिकारी गजाला साहिबा, अंकित राजन, कुमार सौरभ, सुगम कुमारी, दिलीप कुमार, अभिषेक सिंह, अंशु रानी, स्थायी लोक अदालत के न्यायिक सदस्य प्रभात कुमार त्रिवेदी सहित न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

Also Read : जहानाबाद का ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ बदलेगा पहचान, रोपवे और आधुनिक सुविधाओं से मिलेगा पर्यटन को नया आयाम


विज्ञापन
Mritunjay Jehanabad

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन