अभियान बसेरा-2 : पंचायत सरकार भवनों में तीन दिन लगेगा शिविर, भूमिहीनों से लिये जायेंगे आवेदन
आवेदन जमा करने के लिए लोगों की लगी भीड़.
अभियान बसेरा-2 से भूमिहीन परिवारों को अपना घर मिलेगा. घोसी की पंचायतों में लग रहे शिविर में आवेदन लेकर पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा.
Jehanabad News : जहानाबाद जिले के घोसी में अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन पर्चाधारियों एवं संभावित वासभूमिहीन लाभुकों को पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. इसके तहत संबंधित पंचायतों के पंचायत सरकार भवन में लगातार तीन दिनों तक शिविर लगाकर पात्र लाभुकों से आवेदन लिये जायेंगे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लाभुकों को आवेदन जमा करने के लिए अंचल या प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. वे अपने संबंधित पंचायत सरकार भवन में ही आवेदन जमा कर सकेंगे.
आवेदन के बाद मिलेगी पावती
शिविर में आवेदन प्राप्त करने के बाद प्रत्येक लाभुक को विधिवत पावती भी दी जायेगी. आवेदन लेने और संभावित लाभुकों की पहचान की जिम्मेदारी राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव, आवास सहायक, विकास मित्र समेत अन्य कर्मियों को सौंपी गयी है. कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में संभावित वासभूमिहीन परिवारों को अभियान की जानकारी देने और उन्हें आवेदन के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है.
इन पंचायतों में तैनात किये गये कर्मी
लखावर पंचायत के पंचायत सरकार भवन में राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव एवं आवास सहायक की मौजूदगी में आवेदन लिये जायेंगे. भारथु एवं साहोबिगहा पंचायत में राजस्व कर्मचारी, विकास मित्र, पंचायत सचिव और आवास सहायक को शिविर की जिम्मेदारी दी गयी है. कुर्रे पंचायत सरकार भवन में राजस्व कर्मचारी, विकास मित्र, पंचायत सचिव एवं आवास सहायक आवेदन प्राप्त करेंगे.
अहियासा पंचायत सरकार भवन में राजस्व कर्मचारी, विकास मित्र, डाटा इंट्री ऑपरेटर, पंचायत सचिव एवं आवास सहायक की तैनाती की गयी है. वहीं गोलकपुर पंचायत के पंचायत भवन में राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव एवं आवास सहायक तथा उबेर पंचायत के पंचायत भवन में राजस्व कर्मचारी, विकास मित्र, पंचायत सचिव एवं आवास सहायक आवेदन प्राप्त करेंगे.
वासभूमिहीन परिवारों को मिलेगा लाभ
अंचल अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ऐसे परिवारों को चिह्नित कर उन्हें वासभूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाना है, जिनके पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है. पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को आवेदन जमा करने में सुविधा होगी. उन्होंने संभावित लाभुकों से निर्धारित शिविर में पहुंचकर आवेदन जमा करने की अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए