जहानाबाद: मंडल कारा काको का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

काको मंडल कारा का निरीक्षण करते एसपी
Jehanabad Jail inspection: पुलिस अधीक्षक ने रविवार को काको मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिल रही सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता की गहन जांच की.
Jehanabad Jail inspection: जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक ने रविवार को स्थानीय मंडल कारा काको का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घोसी के साथ जेल अधीक्षक और अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.
करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण में एसपी ने जेल के सभी वार्डों, बैरकों, महिला सेल, हवालात और संवेदनशील स्थलों की गहन तलाशी ली. उन्होंने बंदियों से अलग-अलग मिलकर उनकी समस्याओं को भी सुना.
बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान बंदियों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं, शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई. एसपी ने भोजनालय का भी निरीक्षण किया और खाने की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा पोषक तत्वों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सुरक्षा के मद्देनजर एसपी ने जेल प्रशासन को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जेल परिसर में सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सघन जांच, नियमित तलाशी और औचक जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. एसपी ने जेल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे संचालित रखने तथा कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि तकनीकी उपकरणों के माध्यम से जेल की प्रत्येक गतिविधि पर सतत नजर रखी जाए.
ड्यूटी रोस्टर और गश्त को सुदृढ़ करने का निर्देश
एसपी ने जेल कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर और गश्त व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बंदियों के सुधार और सुरक्षा, दोनों ही जेल प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए. निरीक्षण के अंत में जेल अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










