शहीद शुभम का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब, पूरे सैन्य सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदाई
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 14 Jun 2026 7:44 PM
अंतिम दर्शन पर नमन करते केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और मौजूद अन्य.
Jahanabad News: बिहटा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव जहानाबाद के बनवरिया के लिए रवाना किया गया.
जहानाबाद से अशोक कुमार की रिपोर्ट Jahanabad News: असम के जोरहाट एयरबेस में एएन-32 विमान दुर्घटना में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव हुलासगंज प्रखंड के बनवरिया पहुंचा. शहीद के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए गांव सहित पूरे जिले से हजारों लोग पहुंचे थे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को सुबह 11 बजे जोरहाट से बिहटा के लिए प्रस्थान किया था. बिहटा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव जहानाबाद के बनवरिया के लिए रवाना किया गया. इस मौके पर मगध रेंज के आईजी, जहानाबाद डीएम, एसपी सहित बड़ी संख्या में वरीय पदाधिकारी मौजूद थे.

नम आंखों से विदाई दी,शहीद शुभम अमर रहे के नारे लगाए
रास्ते में जहानाबाद के अरवल मोड़, सुकियावां सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर लोगों द्वारा शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई . इसके बाद पार्थिव शरीर को बनवरिया गांव स्थित उच्च विद्यालय परिसर लाया गया, जहां भारतीय वायुसेना एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें अंतिम सलामी दी गई. शहीद के अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. गांव की गलियों से लेकर श्रद्धांजलि स्थल तक लोगों की भारी भीड़ जुटी रही. हर आंख नम थी और लोग भारत माता की जय तथा शहीद शुभम अमर रहें के नारों के साथ अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दे रहे थे.

केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक समेत कई दिग्गज श्रद्धांजलि दी
अंतिम श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद अरुण कुमार, जगदीश शर्मा, विधायक ऋतुराज, राहुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए . शहीद के सम्मान में पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ गर्व का माहौल भी है. ग्रामीण अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही जुटे थे .

बनवरिया गांव के निवासी थे शहीद शुभम
गौरतलब है कि असम के जोरहाट एयरबेस में हुए विमान हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार सहित पांच वायुसेना कर्मियों की मौत हो गई थी. शुभम जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड अंतर्गत बनवरिया गांव के निवासी थे. उनकी शहादत की खबर के बाद पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है.
Also Read: असम विमान हादसे में बिहार के दो लाल शहीद, वीडियो कॉल के दो घंटे बाद ही आ गई मौत की खबर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










