जहानाबाद में महिला को पीट-पीटकर मार डाला, गोद में रखे बच्चे को फेंका, लोगों ने किया सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

जाम कर रहे लोगों को समझाते थानाध्यक्ष

जहानाबाद के छोटकी चैनपुरा गांव में हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों का परिचालन बाधित हो गया.

विज्ञापन

Jehanabad Crime News : जहानाबाद जिले के रतनी परसबिगहा थाना क्षेत्र के छोटकी चैनपुरा गांव में पांच दिन पूर्व हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की मंगलवार की रात पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतका की पहचान अनिल मांझी की 45 वर्षीय पत्नी मनसा देवी के रूप में हुई है. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया तथा गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

शव गांव पहुंचते ही बभना-शकूराबाद मुख्य मार्ग किया जाम

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजन शव लेकर छोटकी चैनपुरा गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने गांव के समीप बभना-शकूराबाद मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया. ग्रामीण और परिजन मारपीट की घटना में शामिल आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

आरोपी घर बंदकर फरार

जाम की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सर्वनारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जाम कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. परिजनों का कहना था कि घटना में शामिल आरोपितों को पुलिस अविलंब गिरफ्तार करे. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों के घर पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन घर में ताला बंद था और सभी फरार मिले. उन्होंने जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया.

पोते को गोद में लेकर भाग रही थी महिला, हमलावरों ने किया पीछा

बताया जाता है कि शुक्रवार की देर रात गांव के ही उमा मांझी और उसके परिवार के करीब आधा दर्जन लोग योजनाबद्ध तरीके से अनिल मांझी के घर पहुंचे और परिजनों के साथ मारपीट करने लगे. इस दौरान मनसा देवी अपने पोते को गोद में लेकर घर से भागकर एक गली में छिपने का प्रयास करने लगी. आरोप है कि हमलावरों ने पीछा कर उसे लाठी-डंडे और रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.

महिला के गोद से बच्चा को छीनकर फेंका

मारपीट के दौरान महिला की गोद में मौजूद पोते को हमलावरों ने दूर फेंक दिया, जिससे वह किसी तरह बच गया. घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए. ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल मनसा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया.

हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कर रही कार्रवाई

घटना के बाद परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ परसबिगहा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई बार उनके घर और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन सभी फरार मिले. इसी बीच मंगलवार की रात पीएमसीएच में इलाज के दौरान मनसा देवी की मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

बताया गया कि आरोपित पक्ष के परिवार से पिछले एक वर्ष से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना होने की बात सामने आ रही है.

आधे घंटे बाद समझाने पर ग्रामीणों ने हटाया जाम

थानाध्यक्ष सर्वनारायण ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है. मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद परिजन और ग्रामीण मान गये और करीब आधे घंटे बाद सड़क जाम हटा दिया गया. जाम हटते ही दोनों तरफ वाहनों का परिचालन शुरू हो गया.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन