जहानाबाद में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण में तेजी, 74 स्थलों का सीमांकन जल्द पूरा करने का डीएम ने दिया निर्देश
बैठक में शामिल डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के लिए 74 स्थलों पर एनओसी मिल गई है। डीएम ने अधिकारियों को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण में तेजी लाने को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में अंतर-विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गयी. बैठक में भूमि की उपलब्धता, एनओसी, सीमांकन और निर्माण कार्य शुरू करने से जुड़े मामलों की समीक्षा की गयी. डीएम ने अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
74 स्थलों का जल्द होगा सीमांकन
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी. डीएम ने निर्देश दिया कि जिन 74 स्थलों पर एनओसी प्राप्त हो चुका है, उनका सीमांकन अविलंब पूरा किया जाए. इससे निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी आयेगी.
सीडीपीओ और सीओ संयुक्त रूप से करेंगे स्थल निरीक्षण
डीएम ने कहा कि जिन स्थानों पर अभी तक भूमि चिन्हित नहीं हुई है, वहां संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और अंचलाधिकारी संयुक्त रूप से स्थल भ्रमण करें. स्थल पर ही भूमि की मापी कर नक्शा तैयार कराने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं हो.
स्कूल के पास आंगनवाड़ी केंद्र के लिए भूमि को प्राथमिकता
आंगनवाड़ी केंद्र के लिए भूमि संबंधित केंद्र के पोषण क्षेत्र या वार्ड के भीतर ही चिन्हित करने का निर्देश दिया गया. यथासंभव विद्यालय परिसर या विद्यालय के समीप उपलब्ध उपयुक्त भूमि को प्राथमिकता देने को कहा गया. अतिक्रमित या अनुपयुक्त भूमि मिलने पर तत्काल वैकल्पिक स्थल चिन्हित कर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया.
नाबार्ड मद वाले 8 केंद्रों का निर्माण जल्द शुरू होगा
बैठक में नाबार्ड मद से राशि उपलब्ध कराये गये आठ आंगनवाड़ी केंद्रों की भी समीक्षा हुई. डीएम ने इन केंद्रों के स्थलों का सीमांकन तत्काल पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. सभी अंचलाधिकारी और सीडीपीओ को प्रतिदिन आपसी समन्वय से भूमि चिन्हांकन और सीमांकन की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया.
प्रखंड स्तर पर ही सुलझाये जाएंगे भूमि विवाद
डीएम ने प्रखंड स्तरीय अनुश्रवण एवं समन्वय समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया. भूमि से जुड़े मामलों का समाधान यथासंभव प्रखंड स्तर पर ही करने को कहा गया. जरूरत पड़ने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भी समन्वय बैठक में शामिल करने का निर्देश दिया गया.
आंगनवाड़ी केंद्रों की सुविधाओं का होगा आकलन
बैठक में वर्तमान आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने का निर्देश दिया गया. प्रत्येक केंद्र पर पेयजल, बिजली, भवन और शौचालय की स्थिति निर्धारित प्रारूप में दर्ज की जाएगी. सभी परियोजनाओं का फोटोयुक्त एल्बम भी तैयार किया जाएगा.
पोषण ट्रैकर पर नामांकन और कुपोषण की होगी निगरानी
डीएम ने सभी आंगनवाड़ी सेविकाओं और महिला पर्यवेक्षिकाओं को पोषण ट्रैकर ऐप का विस्तृत प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया. केंद्रवार वास्तविक नामांकन, कुपोषित बच्चों की संख्या, गर्म पका भोजन की गुणवत्ता और बच्चों के साथ संवाद की स्थिति की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया.
पेयजल और बिजली की सुविधा भी होगी सुनिश्चित
जिन आंगनवाड़ी केंद्रों पर पेयजल या बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कार्य कराने का निर्देश दिया गया. डीएम ने स्पष्ट किया कि सुविधाओं की कमी वाले केंद्रों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक व्यवस्था की जाए.
निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं
डीएम ने कहा कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए भूमि और राशि उपलब्ध है, वहां निर्माण कार्य अविलंब शुरू किया जाए. उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने का निर्देश दिया. संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कर अगली समीक्षा बैठक में अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया.
जहानाबाद : रतनी में मोरहर नदी से 76 वर्षीय महिला का शव बरामद, एक सप्ताह से थी लापता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए