जहानाबाद : रतनी में मोरहर नदी से 76 वर्षीय महिला का शव बरामद, एक सप्ताह से थी लापता

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

बिहार के रतनी में मोरहर नदी से एक 76 वर्षीय वृद्ध महिला का शव बरामद हुआ है। महिला एक सप्ताह से लापता थी, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

विज्ञापन

शकुराबाद थाना क्षेत्र के कंकटबिगहा गांव के समीप मोरहर नदी से मंगलवार शाम 76 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया. नदी में शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. बाद में शव की पहचान गुलाबगंज गांव निवासी कृष्णन चौधरी की पत्नी बसमतिया देवी के रूप में हुई. महिला करीब एक सप्ताह से लापता थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

नदी में तैरता मिला महिला का शव

बताया जाता है कि मंगलवार शाम कुछ लोग नदी किनारे घूमने गये थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों और शकुराबाद थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया.

एक सप्ताह से लापता थी बसमतिया देवी

परिजनों के अनुसार बसमतिया देवी करीब एक सप्ताह पहले शाम के समय नदी किनारे शौच के लिए गयी थीं. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं. काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने शकुराबाद थाना में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था. महिला की तलाश की जा रही थी.

नदी में पैर फिसलने की जतायी आशंका

परिजनों ने आशंका जतायी कि शौच के बाद बसमतिया देवी पानी छूने के लिए नदी के किनारे गयी होंगी. इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गयी होंगी. नदी में पानी अधिक होने के कारण तेज धार में बह गयी होंगी. घटना के समय अंधेरा होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी.

शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजन

महिला का शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी परिवार को ढांढस बंधाया.

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

शकुराबाद थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

यूडी केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से पहले ही गुमशुदगी का आवेदन थाना में दिया गया था. इस मामले में यूडी केस दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

जनगणना 2027 की तैयारी तेज, जहानाबाद में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के आंकड़ों की होगी जांच


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन