जहानाबाद में कल्पा में खेल मैदान निर्माण को लेकर बैठक, भूमि उपलब्धता पर हुई चर्चा
खेल मैदान निर्माण के लिए बैठक करते हुए
कल्पा पंचायत में खेल मैदान निर्माण को लेकर खिलाड़ियों और युवाओं की एक बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में सरकारी और निजी जमीन की उपलब्धता पर विशेष रूप से चर्चा हुई.
Jehanabad News : जहानाबाद सदर प्रखंड की कल्पा पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय बाजार टाली परिसर स्थित पुस्तकालय कक्ष में क्षेत्र में खेल मैदान के निर्माण को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता मगध फुटबॉल अकादमी जहानाबाद के चेयरपर्सन राजीव कुमार रंजन ने की. बैठक में बाजार टाली और आसपास के गांवों के खिलाड़ियों एवं युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल मैदान निर्माण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गयी.
करीब दो एकड़ जमीन पर मैदान बनाने का प्रस्ताव
बैठक के दौरान खेल मैदान निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि की उपलब्धता पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया. खिलाड़ियों और उपस्थित सदस्यों ने भूमि चयन, उपलब्ध सरकारी जमीन तथा मैदान निर्माण के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे.
बैठक में बताया गया कि गांव में पोखर के नाम से दर्ज करीब दो एकड़ जमीन उपलब्ध है. बैठक में इस जमीन की प्रकृति बदलकर इसे मैदानी क्षेत्र के रूप में विकसित करने और यहां खेल मैदान बनाने के लिए जिला प्रशासन से मांग करने पर चर्चा की गयी.
निजी जमीन के लिए भी पहल करने पर सहमति
इसके अलावा गांव में स्वर्गीय महंत जी के नाम से चर्चित व्यक्ति के परिवार के पास करीब 50 एकड़ जमीन उपलब्ध होने की जानकारी बैठक में दी गयी. इस जमीन में से खेल मैदान के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर उनके पुत्र पप्पू जी से मिलकर स्वेच्छा से जमीन देने का अनुरोध करने पर भी सहमति बनी.
युवाओं के लिए जरूरी बताया खेल मैदान
बैठक में मौजूद खेल प्रेमियों ने कहा कि क्षेत्र में खेल मैदान उपलब्ध होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी. इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र के विकास में भी मदद मिलेगी.
बैठक में अभिषेक कुमार, अंकित कुमार, गोलू, विनोद कुमार, कमल राज, लक्ष्मण कुमार, गणेश, मनीष सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित थे. सभी ने क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए खेल मैदान निर्माण को महत्वपूर्ण बताया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए