जहानाबाद में पंचायत विकास दिवस पर 897 न्यूट्रीशन किट वितरित

Updated:
विज्ञापन
किट का वितरण करते डीएम | Prabhat Khabar Network

किट का वितरण करते डीएम

जहानाबाद में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर 897 न्यूट्रीशन किट वितरित की गईं. ये किट टीबी मरीजों और कुपोषित बच्चों को बेहतर पोषण प्रदान करने के उद्देश्य से दी गईं. जिला पदाधिकारी ने टीबी मुक्त जहानाबाद के संकल्प को दोहराया.

विज्ञापन

जहानाबाद नगर. विकसित भारत–समृद्ध बिहार अभियान के तहत रविवार को जहानाबाद जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया. सदर प्रखंड की सुरंगापुर भवानीचक पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने भाग लिया और ग्रामीणों से संवाद करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की.

पंचायत विकास दिवस पर 27 टीबी मरीजों को मिली न्यूट्रीशन किट

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पदाधिकारी ने 27 टीबी मरीजों के बीच न्यूट्रीशन किट का वितरण किया. उन्होंने कहा कि 'टीबी हारेगा, जहानाबाद जीतेगा' के संकल्प के साथ जिले को जल्द टीबी मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि टीबी से लड़ाई केवल दवाओं से नहीं, बल्कि पौष्टिक आहार, समय पर जांच, नियमित उपचार और समाज की सक्रिय भागीदारी से जीती जा सकती है.

न्यूट्रीशन किट में शामिल हैं पौष्टिक खाद्य सामग्री

जिला पदाधिकारी ने बताया कि वितरित न्यूट्रीशन किट में चना, दाल, सोया चंक्स, मूंगफली, मिल्क पाउडर, आटा सहित उच्च प्रोटीनयुक्त खाद्य सामग्री शामिल है. इससे टीबी मरीजों और कुपोषित बच्चों को बेहतर पोषण मिलेगा तथा उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार होगा.

जिलेभर में 897 न्यूट्रीशन किट का हुआ वितरण

उन्होंने जानकारी दी कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले के 628 टीबी मरीजों के बीच न्यूट्रीशन किट वितरित की गई. इसके साथ ही चिन्हित 269 मध्यम एवं गंभीर कुपोषित बच्चों को भी पोषण किट उपलब्ध कराई गई. इस प्रकार जिलेभर में कुल 897 न्यूट्रीशन किट का वितरण किया गया, ताकि लाभार्थियों के पोषण और स्वस्थ विकास को सुनिश्चित किया जा सके.

अगले छह माह तक मिलेंगी 2,000 न्यूट्रीशन किट

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन और अल्केम लेबोरेट्रीज़ के संयुक्त सहयोग से अगले छह माह तक टीबी मरीजों और कुपोषित बच्चों के लिए कुल 2,000 न्यूट्रीशन किट उपलब्ध कराई जाएंगी. इस पहल का उद्देश्य मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण स्तर में भी सुधार लाना है.

82 हजार से अधिक लोगों की हुई टीबी स्क्रीनिंग

डीएम ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जहानाबाद जिले में अब तक 82,178 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है. स्क्रीनिंग के माध्यम से संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा रहा है. साथ ही उपचार अवधि के दौरान प्रत्येक टीबी मरीज को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है. उन्होंने संस्थागत प्रसव को भी बढ़ावा देने की अपील की.

लोगों से समय पर जांच कराने की अपील

जिला पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि यदि टीबी के लक्षण दिखाई दें तो निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में निःशुल्क जांच अवश्य कराएं. उन्होंने कहा कि समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीओ नमामि गंगे सहित स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Mritunjay Jehanabad

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन