जहानाबाद: 3 मामलों पर डीएम की दो टूक, मोदनगंज से काको तक तय हुई एक्शन की डेडलाइन
समीक्षा में शामिल डीएम | Prabhat Khabar Network
Jehanabad News: जहानाबाद समाहरणालय में आयोजित राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के दौरान डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने तीन परिवादों की समीक्षा की. मोदनगंज में आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने, काको नगर पंचायत में नल-जल योजना और शिक्षक के लंबित वेतन अंतर भुगतान को लेकर अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए.
Jehanabad News: जहानाबाद में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता तेज हो गई है. राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत जिले से जुड़े तीन चयनित महत्वपूर्ण परिवादों की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई. इस दौरान जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सभी लंबित मामलों पर अब तक की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति का पूरा ब्योरा साझा किया. डीएम ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि तय समय-सीमा के भीतर परिवादियों को वास्तविक राहत पहुंचाई जाए.
शिक्षक के बकाये भुगतान की प्रक्रिया अंतिम चरण में
शिक्षा विभाग से जुड़े परिवाद की समीक्षा के दौरान समाहरणालय द्वारा जारी आधिकारिक विवरण के अनुसार, प्रधानाध्यापक रमेश नंदन शर्मा के एम.ए.सी.पी. वेतन-अंतर की लंबित राशि 1,51,910 रुपये की स्वीकृति निर्गत की जा चुकी है. बैठक में बताया गया कि सी.एफ.एम.एस. (CFMS) प्रणाली के माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है. विभाग को निर्देशित किया गया है कि तकनीकी औपचारिकताएं तेजी से पूरी कर शिक्षक को देय राशि का ससमय भुगतान सुनिश्चित किया जाए.
मोदनगंज: 15 सितम्बर को अतिक्रमण हटाने की तैयारी
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित मामले में प्रखंड मोदनगंज अंतर्गत ग्राम हबलीपुर (पंचायत सैस्ताबाद) के गैरमजरूआ आम रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत थी. अंचल प्रशासन द्वारा विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद 15 सितम्बर को बेदखली की तिथि निर्धारित की गई है. बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम के प्रावधानों के तहत उक्त तिथि को दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराकर ग्रामीणों के आवागमन के लिए पुनः बहाल किया जाएगा.
काको में शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए निविदा
नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत नगर पंचायत काको के वार्ड संख्या-09 में नल-जल आपूर्ति से जुड़े परिवाद पर ठोस कदम उठाया गया है. क्षेत्र में जलापूर्ति नेटवर्क सुदृढ़ करने के लिए 29,92,600 रुपये की निविदा प्रकाशित की जा चुकी है, जिसकी तकनीकी बिड 17 सितम्बर को खोली जानी है. कार्यादेश निर्गत होते ही नलकूप, मोटर पंप, पाइपलाइन वितरण नेटवर्क और गृह-संयोजन का कार्य निर्धारित अवधि में पूरा कराया जाएगा.
जहानाबाद जिले की ताजा खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक जलापूर्ति का आदेश
काको नगर पंचायत में जब तक स्थायी ढांचा पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक स्थानीय वार्डवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए डीएम ने तात्कालिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. नगर पंचायत प्रशासन और कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि दैनिक जीवन में आमजन को परेशानी न हो.
समय-सीमा और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि जनहित से जुड़ी शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि तीनों मामलों में निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से अनुपालन हो और प्रगति रिपोर्ट समाहरणालय को उपलब्ध कराई जाए. प्रशासनिक स्तर पर तय की गई इस डेडलाइन से परिवादियों को समयबद्ध समाधान मिलने की उम्मीद है.
Also Read: जहानाबाद में 8,650 लोगों की होगी जांच, डीएम ने कहा- लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए