निसरपुरा दोहरे हत्याकांड में होगी स्पीडी ट्रायल, दोषियों को दिलाई जाएगी कड़ी सजा : एसपी
निसरपुरा हत्याकांड की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान
Jahanabad News: निसरपुरा दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में चार्जशीट जल्द दाखिल कर न्यायिक प्रक्रिया को तेज किया जाएगा. पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में स्थायी पुलिस बल की तैनाती भी की गई है.
Jahanabad News: (संजय अनुराग की रिपोर्ट) भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर मामले को स्पीडी ट्रायल में ले जाएगी, ताकि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके. यह जानकारी देते हुए जहानाबाद की पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश
एसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस दबाव के कारण सोमवार को दो अभियुक्तों ने जहानाबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस की सक्रियता से फरार अपराधियों में भी भय का माहौल बना हुआ है.
17 नामजद आरोपियों में आठ पहले ही जा चुके हैं जेल
दोहरे हत्याकांड मामले में कुल 17 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इनमें से आठ अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. सोमवार को दो और आरोपियों ने न्यायालय में सरेंडर किया, जिससे मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.
फरार अभियुक्तों के घरों की हो रही कुर्की
एसपी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है. अब तक पांच अभियुक्तों के घरों की कुर्की की जा चुकी है. इसी क्रम में फरार अभियुक्त अंकित (पिता- उदय यादव) के घर पर भी विधिवत कुर्की की गई है.
पुलिस के डर से एक और आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
कुर्की और लगातार पुलिस दबिश के कारण एक अन्य अभियुक्त नीतीश ने भी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. एसपी ने कहा कि शेष पांच फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पीड़ित परिवार की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल
निसरपुरा हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। परिवार के घर पर स्थायी पुलिस बल (स्टैटिक फोर्स) की तैनाती की गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके और परिजनों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके.
दोहरी हत्या से जिले में मचा था बवाल
गौरतलब है कि निसरपुरा गांव में पहले शिवम उर्फ गोलू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इसके लगभग 15 दिन बाद उसी मामले के गवाह और केस की देखरेख कर रहे गोलू के चाचा मुन्ना कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. लगातार हुई इन दो हत्याओं के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया था और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे थे.
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी लोगों की नजर
दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. अब जिले के लोगों की नजर फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया पर टिकी हुई है. पुलिस प्रशासन का दावा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.
ALSO READ: जहानाबाद के हुलासगंज में ट्रांसफार्मर चोरों से लोग परेशान, एक ही रात में दो गांवों को बनाया निशाना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Karuna Tiwari
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










