जहानाबाद: घोसी थाना में चौकीदारी परेड आयोजित, डीएसपी ने अवैध गतिविधियों की सूचना नहीं देने पर कार्रवाई की दी चेतावनी

चौकीदार परेड
Jehanabad News: घोसी थाना परिसर में डीएसपी कृति कमल की अध्यक्षता में चौकीदारी परेड आयोजित की गई. इस दौरान उन्होंने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था पर सतर्क रहने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत देने का निर्देश दिया.
Jehanabad News: घोसी थाना परिसर में रविवार को घोसी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) कृति कमल की अध्यक्षता में चौकीदारी परेड का आयोजन किया गया. परेड में थाना क्षेत्र के सभी चौकीदार उपस्थित रहे. इस दौरान डीएसपी ने एक-एक चौकीदार से उनके क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, शराब तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार, अवैध बालू खनन तथा जमानत पर छूटे अपराधियों की गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली.
अवैध गतिविधियों पर रखें पैनी नजर
डीएसपी कृति कमल ने चौकीदारों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता के साथ निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल घोसी थाना को दें. उन्होंने कहा कि शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बालू खनन, अपराधियों की गतिविधियां अथवा अन्य संदिग्ध मामलों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराना चौकीदारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की आंख और कान के रूप में कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सतर्कता कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है.
सूचना नहीं देने पर होगी विभागीय कार्रवाई
डीएसपी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी चौकीदार के क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार, मादक पदार्थों की बिक्री या अवैध बालू खनन की शिकायत सही पाई जाती है और संबंधित चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी, तो उसके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने चौकीदारों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें और किसी भी सूचना को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस प्रशासन के साथ साझा करें.
पुलिस और ग्रामीणों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपील
डीएसपी कृति कमल ने चौकीदारों से पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जनसहयोग और समय पर उपलब्ध कराई गई सूचनाओं से अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










