बकायेदारों पर कसेगा शिकंजा, जहानाबाद में 6,281 नीलाम पत्र वादों की होगी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन

नीलाम पत्र वादों की समीक्षा करते एडीएम | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में एडीएम अनिल कुमार सिन्हा ने लंबित नीलाम पत्र वादों और बकाया वसूली की समीक्षा की। अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

जहानाबाद समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में अपर समाहर्ता सह नीलाम पत्र नोडल पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिले में लंबित नीलाम पत्र वादों और बकाया राशि की वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई.

70 मामलों से 69.84 लाख की हुई वसूली

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 6,351 नीलाम पत्र वादों में 11,284.16 लाख रुपये की राशि लंबित थी. इनमें 70 वादों से 69.84 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है. वर्तमान में 6,281 वादों में 11,214.32 लाख रुपये की राशि की वसूली शेष है.

लंबित मामलों में वारंट जारी करने का निर्देश

अपर समाहर्ता ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को लंबित मामलों में धारा-7 के तहत कार्रवाई और चेतावनी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया. नोटिस की तामिला के बाद नियमानुसार वारंट जारी करने तथा पंजी-IX और पंजी-X का मिलान सुनिश्चित करने को कहा गया.

सरफेसी एक्ट के मामलों की भी समीक्षा

बैठक में सरफेसी एक्ट-2002 के तहत लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई. जहानाबाद में 15, मखदुमपुर में 4, काको में 13 और रतनी फरीदपुर में 1 मामला लंबित पाया गया. संबंधित अंचल अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच प्रतिवेदन जिला बैंकिंग कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

बैंकों और खनन विभाग से समन्वय पर जोर

अग्रणी जिला प्रबंधक को बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर पंजी-IX एवं पंजी-X का मिलान कराने का निर्देश दिया गया. सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को मासिक प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया. वहीं, खनन से संबंधित नीलाम पत्र वादों में खनिज विकास पदाधिकारी से समन्वय कर बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा प्रखंड और अंचल स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे.


विज्ञापन
Mritunjay Jehanabad

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन