जहानाबाद में बिजली उपकरण चोरी पर सख्त हुई पुलिस, एसपी ने विभाग के साथ बनाई संयुक्त रणनीति

Updated:
विज्ञापन
बिजली उपकरणों की चोरी रोकने को पुलिस और बिजली विभाग ने कसी कमर, गश्त होगी तेज

जहानाबाद में बढ़ रही बिजली उपकरण चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और बिजली विभाग ने कमर कस ली है. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रभावी रणनीति बनाई गई है. अब संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ेगी और आम जनता से सहयोग की अपील की गई है.

विज्ञापन

जहानाबाद में ट्रांसफॉर्मर, बिजली के तार और अन्य विद्युत उपकरणों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस और बिजली विभाग ने संयुक्त रणनीति तैयार की है. सोमवार को पुलिस केंद्र में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बिजली विभाग के अधिकारी, लाइनमैन और फील्ड कर्मी भी मौजूद रहे.

संवेदनशील इलाकों की समीक्षा, लाइनमैन से ली जानकारी

बैठक के दौरान उन क्षेत्रों की विस्तार से समीक्षा की गई, जहां ट्रांसफॉर्मर से तेल, बिजली के तार और अन्य उपकरणों की चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. संबंधित क्षेत्रों के लाइनमैन से घटनाओं की जानकारी ली गई और चोरी के तरीकों के साथ-साथ रोकथाम के उपायों पर चर्चा की गई.

एसपी ने सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए. उन्होंने पुलिस और बिजली विभाग के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने तथा सूचना साझा करने की व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके.

बिजली विभाग भी रहेगा अलर्ट मोड में

बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि क्षतिग्रस्त स्थानों पर तत्काल तार और अन्य उपकरण बदले जाएंगे. साथ ही चोरी की आशंका वाले कमजोर स्थानों की पहचान कर पुलिस को समय पर सूचना दी जाएगी, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके.

आम लोगों से सहयोग की अपील

बैठक के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि रात के समय किसी व्यक्ति को बिजली के तार काटते, ट्रांसफॉर्मर के पास संदिग्ध गतिविधि करते या सरकारी उपकरण ले जाते हुए देखें तो तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को सूचना दें. पुलिस ने कहा कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा में आम जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है.


विज्ञापन
Ashwini Kumar

लेखक के बारे में

By Ashwini Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन