जहानाबाद में आपसी विवाद पर बुजुर्ग महिला से मारपीट, अस्पताल में भर्ती

इलाजरत घायल महिला
जहानाबाद के गोनवां गांव में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. मेड़ बांधने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग महिला को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
परसबिगहा थाना क्षेत्र के गोनवां गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. घायल महिला फुलेसरी देवी का इलाज सदर अस्पताल, जहानाबाद में चल रहा है. घटना के बाद परिजनों ने मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं.
मेड़ बांधने का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
परिजनों के अनुसार, शनिवार को गांव के कुछ लोग विवादित जमीन पर मेड़ बांध रहे थे. इसी दौरान फुलेसरी देवी वहां पहुंचीं और इसका विरोध किया. आरोप है कि विरोध करने पर वहां मौजूद पुरुषों के साथ आई महिलाओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस पर शिकायत नहीं सुनने का आरोप
घायल महिला के पुत्र ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर वह पहले ही परसबिगहा थाना में आवेदन देने गया था, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की. उनका कहना है कि पुलिस ने मामला अंचल अधिकारी से संबंधित बताते हुए उन्हें वापस लौटा दिया. परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती, तो यह घटना टाली जा सकती थी.
थानाध्यक्ष ने क्या कहा
परसबिगहा थानाध्यक्ष सर्वनारायण ने बताया कि जमीन विवाद का मामला लेकर दोनों पक्षों को शनिवार को बुलाया गया था, लेकिन केवल एक पक्ष ही उपस्थित हुआ. उन्होंने कहा कि मारपीट की सूचना उन्हें नहीं मिली है. यदि इस संबंध में आवेदन प्राप्त होता है, तो प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










