जहानाबाद में संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, महिला नेतृत्व समेत कई मुद्दों पर चर्चा
भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम मे शामिल जनप्रतिनिधि व अन्य.
जहानाबाद में महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व के लिए तैयार करने का एक महत्वपूर्ण संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ. इस पहल का उद्देश्य नीति-निर्माण और जनसमस्याओं के समाधान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है.
Jehanabad News : जहानाबाद महिलाओं को राजनीतिक रूप से जागरूक करने और नेतृत्व के लिए तैयार करने के उद्देश्य से बुधवार को अतिथिगृह में महिलाओं की राजनीतिक पाठशाला एवं प्रशिक्षण अभियान के तहत संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख एवं राजनीतिक रूप से सक्रिय महिलाओं ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा की पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ऊषा विद्यार्थी ने किया.
नीति-निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ऊषा विद्यार्थी ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी महज प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. नीति-निर्माण, जनसमस्याओं के समाधान और समाज के नेतृत्व में उनकी सक्रिय भूमिका जरूरी है. उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर प्रखंड, जिला और राज्य स्तर तक महिला नेतृत्व को मजबूत करने के लिए राजनीतिक प्रशिक्षण, संविधान की समझ, जनहित के मुद्दों की जानकारी और संगठनात्मक कार्यप्रणाली का ज्ञान आवश्यक है.
महिलाओं ने साझा किये अपने अनुभव
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किये. स्थानीय स्तर पर महिलाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी को प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. डॉ. ऊषा विद्यार्थी ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक पाठशाला महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने का सतत प्रयास है.
नेतृत्व कौशल और नागरिक अधिकारों पर चर्चा
कार्यक्रम में महिला नेतृत्व, पंचायत एवं स्थानीय निकायों में भागीदारी, संविधान एवं नागरिक अधिकारों की समझ, जनहित के मुद्दों तथा राजनीतिक एवं सामाजिक नेतृत्व कौशल जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई. वक्ताओं ने महिलाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जनहित के मुद्दों के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया.
कई महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद
कार्यक्रम में पूनम कुमारी, इंदु कश्यप, रेखा देवी, रूबी देवी, रंजू देवी, रीना देवी, उर्मिला, कृति किरण, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष शशि रंजन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए