जहानाबाद में मजदूरों का धरना, जमीन-पेंशन से लेकर मनरेगा तक 15 मांगों पर सरकार से जवाब की मांग
प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना देते खेत मज़दूर संघ के सदस्य
बिहार में खेत एवं ग्रामीण मजदूरों ने अपनी 15 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया. मुख्य मांगों में भूमिहीनों को जमीन, मनरेगा का प्रभावी क्रियान्वयन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि शामिल है.
Social Security Pension: बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की अंचल कमिटी के तत्वावधान में सोमवार को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के समक्ष विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया गया. धरने की अध्यक्षता बैजनाथ साव ने की, जबकि संचालन अंचल सचिव अनिल पासवान ने किया. इस दौरान वक्ताओं ने भूमिहीनों को जमीन देने, मनरेगा को प्रभावी ढंग से लागू करने, न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने समेत कई मांगें उठायीं.
भूमिहीनों को जमीन और मनरेगा को प्रभावी बनाने की मांग
धरने को संबोधित करते हुए सीपीएम जिला सचिव कॉमरेड जगदीश प्रसाद, खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव कॉमरेड रामप्रसाद पासवान, संयुक्त सचिव कॉमरेड गिरानी साव, उपाध्यक्ष कॉमरेड राम नरेश कुमार, किसान सभा जिला अध्यक्ष कॉमरेड ओमप्रकाश सिंह सहित अन्य नेताओं ने अपनी बातें रखीं.
वक्ताओं ने भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने और पर्चाधारियों को दखल-कब्जा दिलाने की मांग की. साथ ही मनरेगा कानून को प्रभावी ढंग से लागू कर खेत एवं ग्रामीण मजदूरों को सालोंभर काम उपलब्ध कराने की मांग की गयी.
पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने की मांग
धरना के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अंचल एवं प्रखंड पदाधिकारियों से मुलाकात कर 15 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी.
इसके अलावा राशन कार्ड में हुई कटौती में सुधार, होल्डिंग एवं पानी टैक्स बंद करने और पेयजल व नल-जल की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गयी.
कृषि उपज के समर्थन मूल्य की सरकारी गारंटी की मांग
मजदूर और किसान संगठनों ने कृषि उपज के लिए समर्थन मूल्य की सरकारी गारंटी देने की मांग की. खेत मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी लागू करने और चारों लेबर कोड रद्द करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही.
वक्ताओं ने कच्ची सड़कों का पक्कीकरण कराने, स्मार्ट मीटर समाप्त करने तथा महंगाई और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग उठायी.
कमजोर वर्गों पर अत्याचार रोकने की मांग
धरना में महिलाओं, कमजोर वर्गों और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार पर रोक लगाने की मांग भी उठायी गयी. पाण्डुई-बेलदारी बिगहा के भूमिहीनों को बासगीत पर्चा देने तथा विद्यालय सफाई कर्मचारियों को मानदेय और किट उपलब्ध कराने की मांग की गयी.
19 दिसंबर की पटना रैली में भागीदारी की अपील
धरना के दौरान 19 दिसंबर को पटना में प्रस्तावित रैली को सफल बनाने की अपील की गयी. नेताओं ने अधिक से अधिक खेत एवं ग्रामीण मजदूरों से रैली में शामिल होने का आह्वान किया.
धरना में सीपीएम और खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन से जुड़े कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: Watch Video: 8 कमरों का घर, फिर भी छत पर जिंदगी! पटना में बाढ़ की भयावह तस्वीर, जानिए Ground Realit
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए