जहानाबाद में 'बिहार बंद' को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी

शहर में गश्त करती पुलिस एवं डीएम आवास के समय सुरक्षा में तैनात पुलिस के जवान
Jehanabad Bihar Bandh : नीट परीक्षा के पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में आइसा ने बिहार बंद का आह्वान किया है. जहानाबाद जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर है.
Jehanabad Bihar Bandh : नीट (NEET) परीक्षा के पेपर लीक मामले, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आइसा (AISA) एवं वामपंथी छात्र-युवा संगठनों द्वारा शनिवार को बिहार बंद का आह्वान किया गया है. बंद को लेकर जहानाबाद जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और सुबह से ही पूरे शहर में कड़ी निगरानी रखी जा रही है. शनिवार की सुबह शहर का माहौल सामान्य होने के बावजूद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस पदाधिकारी लगातार गश्त करते रहे और गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था किसी भी हाल में प्रभावित न हो.
सुबह 8 बजे तक स्थिति सामान्य, कार्यकर्ता नहीं दिखे
सुबह करीब 8 बजे तक बंद का आह्वान करने वाले किसी भी संगठन के कार्यकर्ता सड़कों पर प्रदर्शन करते दिखाई नहीं दिए. बाजारों में सामान्य गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू हो रही थीं, जबकि पुलिस हर आने-जाने वाले मार्ग पर बारीकी से निगरानी बनाए हुए थी. प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
थानों को किया गया अलर्ट, मॉनिटरिंग जारी
बिहार बंद को देखते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी विशेष रूप से सतर्क रहने का सख्त निर्देश दिया गया है. जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. पुलिस की सक्रियता के कारण फिलहाल सुबह 8 बजे तक जहानाबाद जिले में स्थिति पूरी तरह से सामान्य और शांतिपूर्ण बनी हुई है.
Also Read : जहानाबाद में पुलिस अलर्ट: कोचिंग हब और चौराहों पर निगरानी तेज, एसपी बोले-अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










