जमुई में पर्यावरण चेतना: सोनो मॉडल स्कूल में 'प्लास्टिक मुक्त विद्यालय' अभियान; छात्रों ने 'धरती बचाओ' के नारों के साथ बटोरा कचरा
फोटो- प्लास्टिक मुक्त विद्यालय अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरा एकत्र करते विद्यार्थी.
सोनो के मॉडल स्कूल में विद्यार्थियों ने प्लास्टिक मुक्त विद्यालय अभियान के तहत परिसर से कचरा साफ किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
सोनो (जमुई). प्रखंड मुख्यालय स्थित मॉडल स्कूल राज्य संपोषित उच्च विद्यालय में बीते शुक्रवार को इको क्लब के तत्वावधान में प्लास्टिक मुक्त विद्यालय अभियान आयोजित किया गया. अभियान में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया. छात्रों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों से प्लास्टिक कचरा एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.
आपके शहर में
विद्यालय परिसर से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक किया गया संग्रह
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर, खेल मैदान, वर्ग कक्ष और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की. इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलिथीन, प्लास्टिक की बोतलें और रैपर सहित अन्य प्लास्टिक कचरे को एकत्र किया गया.
संग्रह किए गए प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग कर पुनर्चक्रण यानी रीसाइक्लिंग के लिए रखा गया, ताकि उसे उचित तरीके से निस्तारित किया जा सके.
नारों के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्लास्टिक संग्रह अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने "प्लास्टिक हटाओ - धरती बचाओ" और "स्वच्छ विद्यालय - हरित विद्यालय" जैसे नारे लगाए. छात्रों ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की.
छात्रों को दिलाई सिंगल यूज प्लास्टिक बहिष्कार की शपथ
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने कहा कि इस तरह के अभियान से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है. उन्होंने सभी छात्रों को सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने और कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने की शपथ दिलाई.
लगातार चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
इको क्लब के नोडल शिक्षक राहुल कुमार ने विद्यार्थियों को इको क्लब की गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि विद्यालय को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी लगातार जागरूकता और स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे.
स्वच्छ और हरित विद्यालय बनाने पर जोर
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नियमित व्यवहार का हिस्सा होना चाहिए. विद्यालय परिवार ने परिसर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने पर जोर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए