डेढ़ लाख रुपये से भरा थैला छीनने का आरोप, पिकअप चालक को पीटकर किया घायल
सदर अस्पताल में इलाज के बाद जानकारी देते घायल | Prabhat Khabar Network
जमुई-खैरा मुख्य मार्ग पर एक पिकअप वाहन चालक पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उससे करीब डेढ़ लाख रुपये लूटे गए. घायल अवस्था में चालक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित ने दो लोगों पर मारपीट कर पैसे छीनने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है.
जमुई : जमुई-खैरा मुख्य मार्ग स्थित कवैया पोखर के समीप शुक्रवार की देर रात पिकअप वाहन चालक के साथ मारपीट कर उसे घायल करने और करीब डेढ़ लाख रुपये छीन लेने का मामला सामने आया है. घटना के बाद घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. शनिवार को पीड़ित ने टाउन थाना में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है.
आपके शहर में
पीड़ित की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के नीमा रंग मोहल्ला निवासी गगन प्रताप सिंह के रूप में हुई है. उन्होंने मोहल्ले के ही बउआ सिंह और राहुल सिंह पर मारपीट कर रुपये से भरा थैला छीनने का आरोप लगाया है.
आलू की तगादा राशि लेकर लौट रहा था चालक
पीड़ित ने बताया कि वह बोधबन तालाब स्थित आलू गोदाम में काम करता है. शुक्रवार की शाम पिकअप वाहन से आलू लेकर खैरा और गोपालपुर गया था. आलू उतारने के बाद पार्टी से तगादा की राशि लेकर जमुई लौट रहा था. इसी दौरान कवैया पोखर के समीप दोनों आरोपितों ने उसका वाहन रुकवा लिया.
वाहन रुकते ही मारपीट करने का आरोप
गगन का आरोप है कि वाहन रुकते ही दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान उसके पास मौजूद करीब डेढ़ लाख रुपये से भरा थैला भी छीन लिया गया. किसी तरह वह वहां से खेतों के रास्ते भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा.
पहले से फोन कर मिलने के लिए बुलाने का दावा
पीड़ित के अनुसार, बउआ सिंह शुक्रवार की शाम से ही लगातार फोन कर उसे मिलने के लिए बुला रहा था. उसे अंदेशा नहीं था कि उसके साथ मारपीट की जाएगी. गगन ने बताया कि आरोपितों के साथ उसकी पूर्व से कोई दुश्मनी भी नहीं है.
आवेदन मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी
इधर, टाउन थाना में आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस मारपीट, रुपये छीनने के आरोप और घटना के कारणों की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए