जमुई में ‘डाक पार्सल’ वाहन से 115 कार्टन शराब बरामद, 8.28 लाख की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार तस्कर व बरामद शराब की जानकारी देते उत्पाद अधीक्षक व अन्य.
जमुई में उत्पाद विभाग ने 'डाक पार्सल' लिखे एक वाहन से 8.28 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब और केन बियर जब्त की है. वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है.
जमुई में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार की शाम बड़ी कार्रवाई की. टाउन थाना क्षेत्र के लोटन मोड़ के समीप वाहन जांच के दौरान डाक पार्सल लिखे एक वाहन को रोककर तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब और केन बियर बरामद हुई. उत्पाद विभाग ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है. बरामद शराब और बियर की बाजार कीमत करीब 8 लाख 28 हजार रुपये आंकी गयी है.
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने शुरू की वाहन जांच
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के अनुसार, रविवार की शाम विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड के जसीडीह से भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार के रास्ते ले जायी जा रही है. सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम को अलर्ट किया गया और जिले के अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच शुरू की गयी.
इसी दौरान उत्पाद पुलिस की टीम टाउन थाना क्षेत्र के लोटन मोड़ के समीप वाहनों की जांच कर रही थी. तभी डाक पार्सल लिखा एक वाहन वहां पहुंचा. वाहन पर संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर तलाशी ली. तलाशी में शराब और केन बियर मिलने के बाद वाहन को जब्त कर लिया गया.
115 कार्टन में मिली विदेशी शराब और केन बियर
वाहन को उत्पाद थाना लाकर शराब और बियर की गिनती व मिलान किया गया. विभाग के अनुसार, कुल 115 कार्टन में विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई. इसमें करीब 1380 लीटर विदेशी शराब और 2760 पीस केन बियर शामिल हैं.
उत्पाद विभाग ने जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8.28 लाख रुपये बतायी है. शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल किये जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया गया है.
जसीडीह से बिहारशरीफ ले जायी जा रही थी खेप
उत्पाद अधीक्षक के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि शराब की यह खेप झारखंड के जसीडीह से बिहारशरीफ ले जायी जा रही थी. वाहन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था, जिससे उसे सामान्य पार्सल वाहन की तरह दिखाने का प्रयास किया गया था.
नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में पूछताछ
गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले के सिरसिया गांव निवासी हरि स्वर्णकार के पुत्र बिनोद स्वर्णकार के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग की टीम उससे पूछताछ कर रही है. पूछताछ के आधार पर शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है. गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए