सिकंदरा व अलीगंज की छह जीविका सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा संपन्न, दीदियों ने साझा की सफलता की कहानी

hhh | Prabhat Khabar Network
जमुई के सिकंदरा और अलीगंज में जीविका महिला सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा आयोजित, दीदियों ने साझा की अपनी सफलता और आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक कहानियां।
अलीगंज. जमुई जिले के सिकंदरा एवं अलीगंज प्रखंड की छह जीविका पोषित महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा गुरुवार को उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित की गई. सिकंदरा प्रखंड की सहयोग, संघर्ष एवं सुनहरा तथा अलीगंज प्रखंड की पहल, सखी एवं दीप समितियों में आयोजित कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों से जुड़ी बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लिया. इस दौरान समितियों की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. सिकंदरा प्रखंड के लछुआर स्थित संघर्ष जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की आमसभा का उद्घाटन समिति की अध्यक्ष सुनीता देवी एवं बिहार ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक सुजीत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में जीविका जिला कार्यालय की प्रबंधक (संचार) सुनीता कुमारी, प्रखंड इकाई के टिंकू कुमार, सीताराम कुमार, मीना पासवान सहित बड़ी संख्या में जीविका कैडर्स एवं दीदियां मौजूद रहीं. कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने की, जबकि संचालन जीविका मित्र निशा कुमारी ने किया. आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन, अंकेक्षण प्रतिवेदन, आय-व्यय, लाभ-हानि एवं अन्य वित्तीय अभिलेख सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किए गए. साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट को भी मंजूरी दी गई. नई योजना में स्वयं सहायता समूहों के विस्तार, जीविकोपार्जन को बढ़ावा देने, बैंक लिंकेज, बीमा सुविधा तथा दीदियों के क्षमता विकास पर विशेष जोर दिया गया. संघर्ष समिति से जुड़ी सुनैना देवी, गौरी देवी एवं मीनता देवी ने जीविका से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि जीविका के माध्यम से उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ सामाजिक पहचान और आत्मविश्वास भी मिला है. वहीं अलीगंज प्रखंड स्थित सखी जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की आमसभा में जीविका के डीपीएम संजय कुमार एवं बीपीएम मृत्युंजय कुमार शामिल हुए. कार्यक्रम में कई दीदियों ने स्वयं सहायता समूह से संकुल संघ तक की अपनी यात्रा साझा करते हुए बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधा और स्वरोजगार के क्षेत्र में उन्हें व्यापक सहयोग मिला. कई महिलाओं ने मुर्गी पालन, सब्जी उत्पादन, सिलाई एवं छोटी दुकानों के माध्यम से अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है. कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों एवं जीविका कैडर्स को सम्मानित किया गया. साथ ही समय पर ऋण वापसी, नियमित बैठकें एवं बेहतर जीविकोपार्जन को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए गए. मुख्य अतिथियों ने दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए वर्ष 2026-27 में समितियों को और अधिक आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया. इस अवसर पर जीविका जिला कार्यालय से अमरेन्द्र कुमार, रविन्द्र कुमार, किरण कुमारी, गणेश कुमार गुंजन, शेषनाथ रॉय, कुंदन कुमार, बीपीएम प्रभारी सिकंदरा संतोष कुमार, बीपीएम अलीगंज मृत्युंजय कुमार, मिथलेश कुमार, सुभाष कुमार, ममता कुमारी, जय प्रकाश दास सहित अन्य जीविका कर्मी एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










