प्रसूता की ऑपरेशन के दौरान मौत, नवजात सुरक्षित

Published by :ANIMESH KUMAR
Published at :29 Apr 2026 9:42 PM (IST)
विज्ञापन
प्रसूता की ऑपरेशन के दौरान मौत, नवजात सुरक्षित

डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

विज्ञापन

परिजनों का क्लिनिक में हंगामा

जमुई. शहर के भछियार मोहल्ला स्थित आनंद क्लिनिक में बुधवार देर शाम ऑपरेशन के दौरान एक प्रसूता की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक परिसर में जमकर हंगामा किया और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया. हालांकि ऑपरेशन के दौरान नवजात शिशु को सुरक्षित बचा लिया गया, जिसका इलाज फिलहाल एक निजी अस्पताल में चल रहा है. मृतका की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के संसारपुर गांव निवासी बबलू यादव की 25 वर्षीय पत्नी आशा कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, आशा कुमारी का यह दूसरा ऑपरेशन था. इससे पहले भी उनका ऑपरेशन हो चुका था. मृतका के देवर छोटू कुमार ने बताया कि बुधवार को आशा कुमारी स्वयं चलकर क्लिनिक पहुंची थीं. चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के बाद सब कुछ सामान्य बताते हुए ऑपरेशन की बात कही. शाम करीब छह बजे उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, लेकिन आधे से पौन घंटे के भीतर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

स्थानीय लोगों और पुलिस की पहल पर मामला हुआ शांत

परिजनों का आरोप है कि मौत के कारणों के बारे में पूछने पर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और धीरे-धीरे क्लिनिक छोड़कर चले गए. इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की पहल पर मामला शांत हुआ, जिसके बाद परिजन शव को लेकर अपने घर लौट गए.

कहती हैं चिकित्सक

इस संबंध में आनंद क्लिनिक की चिकित्सक डॉ रश्मि कुमारी ने बताया कि प्रसूता की हालत पहले से ही गंभीर थी. उन्होंने कहा कि महिला को रात से ही अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था, लेकिन परिजनों ने समय पर ध्यान नहीं दिया. ऑपरेशन के दौरान पाया गया कि गर्भ में काफी मात्रा में खून फैल चुका था, जिससे स्थिति अत्यंत गंभीर हो गयी. डॉ कुमारी ने कहा कि टीम ने महिला को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी जान नहीं बचायी जा सकी. उन्होंने परिजनों द्वारा लगाये गये आरोपों को निराधार बताया. इसके साथ ही कहा कि यदि थोड़ी और देरी होती,तो नवजात को भी बचाना मुश्किल हो सकता था, लेकिन प्रयासों से उसकी जान बचा ली गई.

विज्ञापन
ANIMESH KUMAR

लेखक के बारे में

By ANIMESH KUMAR

ANIMESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन