जमुई में प्रतिबंधित कफ सिरप के बड़े स्टॉक की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, मकान से कई कार्टन बरामद, तीन हिरासत में
छापेमारी के दौरान मौके पर पुलिस की टीम. | Prabhat Khabar Network
जमुई के कवैया मुसहरी में पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप के कई कार्टन और बिजली के तार बरामद किए हैं. इस कार्रवाई में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
जमुई. सदर थाना क्षेत्र के जमुई-खैरा मुख्य मार्ग पर कवैया मुसहरी के समीप एक मकान में सोमवार को जमुई सदर थाना और खैरा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की. पुलिस की इस कार्रवाई में मकान से प्रतिबंधित कफ सिरप के कई कार्टन बरामद किए जाने की सूचना है. इसके अलावा बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित बिजली के तार भी मिलने की बात सामने आ रही है. कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहा.
आपके शहर में
गुप्त सूचना पर मकान को घेरकर कार्रवाई
बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कवैया मुसहरी के समीप स्थित उक्त मकान में लंबे समय से प्रतिबंधित कफ सिरप का भंडारण किया जा रहा है. सूचना में यह भी बताया गया था कि मकान से अलग-अलग स्थानों पर कफ सिरप की आपूर्ति की जाती है.
सूचना मिलने के बाद सदर थाना और खैरा थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से मकान को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया. छापेमारी के दौरान मकान से कई कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप मिलने की बात सामने आयी है. साथ ही बड़ी मात्रा में बिजली के तार भी बरामद किये जाने की सूचना है.
तीन लोग हिरासत में, एक मौके से भागा
पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिये जाने की सूचना है. वहीं एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गया. हिरासत में लिये गये लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है और मकान में रखे सामान के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है.
छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी. पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी कौतूहल बना रहा.
बरामद सामान की आधिकारिक पुष्टि बाकी
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से बरामद किये गये कफ सिरप की वास्तविक मात्रा, बिजली के तार की संख्या और हिरासत में लिये गये लोगों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी थी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मकान में प्रतिबंधित कफ सिरप कब से रखा जा रहा था और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जाती थी. साथ ही बरामद अन्य सामान के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
समाचार लिखे जाने तक मकान में पुलिस की छापेमारी जारी थी. आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही बरामद सामान की मात्रा और मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए