चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर 18 हजार रुपये लेने का आरोप, पूर्व प्रभारी शिक्षक के खिलाफ थाने में आवेदन

थाना में आवेदन देने पहुंचे लोग | Prabhat Khabar Network
जमुई में सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है. एक पूर्व शिक्षक पर चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर 18 हजार रुपये लेने का आरोप है. पीड़ित योगेंद्र तुरी ने झाझा थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Jamui News: झाझा (जमुई). थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, तेलियाडीह के पूर्व प्रभारी शिक्षक सुमित कुमार पर सरकारी विद्यालय में चपरासी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 18 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है. इस संबंध में पीड़ित योगेंद्र तुरी ने झाझा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा : पीड़ित
योगेंद्र तुरी ने आवेदन में बताया कि करीब छह माह पहले सुमित कुमार ने उनके बड़े पुत्र को विद्यालय में चपरासी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था. इसके एवज में 18 हजार रुपये लिए गए. आरोप है कि रुपये लेते समय किसी को इसकी जानकारी नहीं देने की बात कही गई थी और कहा गया था कि ऐसा नहीं करने पर नौकरी किसी दूसरे को मिल जाएगी.
स्थानांतरण के बाद संपर्क नहीं हुआ
पीड़ित का कहना है कि रुपये लेने के बाद शिक्षक लगातार संपर्क से बाहर रहने लगे. जब वह विद्यालय पहुंचे तो अन्य शिक्षकों से जानकारी मिली कि सुमित कुमार का स्थानांतरण हो चुका है.
रुपये मांगने पर हुई कहासुनी का आरोप
पीड़ित के छोटे पुत्र गंगा कुमार ने बताया कि शनिवार को बाजार में सुमित कुमार मिले. उनसे रुपये वापस मांगने पर कथित रूप से धक्का-मुक्की हुई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया. गंगा कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के अन्य लोगों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लिए गए हैं.
शिक्षक ने आरोपों से किया इनकार
पूर्व प्रभारी शिक्षक सुमित कुमार ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वह पिछले तीन माह से बीमार हैं और विद्यालय नहीं जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि बीमारी के दौरान गांव के लोगों से निजी जरूरत के लिए कर्ज लिया था, नौकरी दिलाने के नाम पर कोई राशि नहीं ली गयी.
जांच के बाद होगी कार्रवाई : पुलिस
Jamui News: थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋतांबर सिंह
ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










