जमुई की सांस्कृतिक पहचान को मिला नया आयाम
Published by : ANIMESH KUMAR Updated At : 04 Jun 2026 12:11 AM
जिला मुख्यालय के श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में बुधवार शाम प्रभात खबर ने लाफ्टर शो का कराया आयोजन
जमुई. जमुई जिला मुख्यालय के श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में बुधवार शाम प्रभात खबर की ओर से लाफ्टर शो का आयोजन किया गया. इसमें टेलीविजन व फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने हास्य कलाकार एहसान कुरैशी ने अपने चुटकुलों से सबको खूब हंसाया. इसके साथ ही पार्श्व गायिका नम्रता दास ने भी अपनी आवाज के जादू से सबको दीवाना बना दिया. यह आयोजन केवल मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि जमुई की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला अवसर भी साबित हुआ. राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की मौजूदगी ने जिले को नयी पहचान दिलाने का काम किया. बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने यह दिखाया कि जिले में सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर लोगों में काफी उत्साह है. लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रेरित करते हैं. जब बड़े कलाकार छोटे शहरों में पहुंचते हैं, तो युवाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. लाफ्टर शो ने लोगों को हंसने, गाने, सुनने और एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर दिया. यही कारण है कि यह शाम लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी.
हंसी – ठहाके में सराबोर नजर आया जमुई स्टेडियम
जमुई. जिला मुख्यालय स्थित श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम बुधवार की शाम हंसी व मनोरंजन के रंग में पूरी तरह से सराबोर नजर आया. प्रभात खबर की ओर से आयोजित लाफ्टर शो में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और देर क ठहाकों की गूंज सुनाई देती रही. जैसे ही मंच पर प्रसिद्ध हास्य कलाकार एहसान कुरैशी पहुंचे, दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया. उन्होंने अपने चुटीले अंदाज और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हास्य प्रसंगों के माध्यम से लोगों को खूब हंसाया. कार्यक्रम में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी उत्साह के साथ मौजूद रहे. स्टेडियम का माहौल किसी उत्सव से कम नहीं दिख रहा था. कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की हंसी और तालियों की गड़गड़ाहट लगातार सुनाई देती रही. कई बार ऐसा अवसर आया जब लोग अपनी हंसी रोक नहीं सके. मंच से प्रस्तुत किये गये चुटकुलों ने लोगों को तनाव से दूर कर कुछ पल के लिए खुलकर मुस्कुराने का अवसर दिया. स्थानीय लोगों ने कहा कि जमुई में इस तरह के कार्यक्रम कम होते हैं और ऐसे आयोजनों से लोगों को नयी ऊर्जा मिलती है. कार्यक्रम के दौरान पूरे समय दर्शक अपनी सीटों पर डटे रहे और हर प्रस्तुति का आनंद उठाते रहे. स्टेडियम में मौजूद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी.
दर्शक खुलकर लगाते रहे ठहाके
टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके एहसान कुरैशी ने जमुई के लोगों को निराश नहीं किया. उन्होंने अपने अंदाज में प्रस्तुति दी. उनकी हर बात पर दर्शक खुलकर ठहाके लगाते रहे. कार्यक्रम के दौरान कई बार दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया. मंच पर उनकी सहजता और दर्शकों से संवाद करने की कला ने लोगों का दिल जीत लिया. उन्होंने अपने अनुभवों को भी हास्य के माध्यम से साझा किया, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया. स्टेडियम में मौजूद लोगों का कहना था कि टीवी पर जिन्हें देखते थे, उन्हें सामने देखकर काफी खुशी हुई. पूरे कार्यक्रम में उनका प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना रहा. उनके चुटकुलों ने न केवल लोगों को हंसाया बल्कि जिंदगी को सकारात्मक नजरिए से देखने का संदेश भी दिया.नम्रता दास की सुरीली आवाज ने बांधा समा
जमुई. लाफ्टर शो केवल हंसी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संगीत का भी शानदार संगम देखने को मिला. पार्श्व गायिका नम्रता दास ने अपनी सुरीली आवाज से पूरे स्टेडियम का दिल जीत लिया. उन्होंने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी, जिन्हें सुनकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये. जैसे ही उन्होंने पहला गीत शुरू किया, पूरा माहौल संगीत के रंग में रंग गया. नम्रता दास की गायकी में मधुरता और आत्मीयता साफ दिख रही थी. उनके गीतों के साथ कई दर्शक भी गुनगुनाते नजर आये. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनकी आवाज की जमकर सराहना की. हास्य और संगीत के इस अनूठे संगम ने आयोजन को और भी खास बना दिया. दर्शकों ने उनकी प्रस्तुति समाप्त होने के बाद भी तालियां बजाकर सम्मान प्रकट किया.परिवार संग पहुंचे लोगों ने उठाया भरपूर आनंद
जमुई. लाफ्टर शो में बड़ी संख्या में परिवार के साथ लोगों की उपस्थिति देखने को मिली. कई लोग अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे थे. स्टेडियम में पारिवारिक माहौल दिख रहा था. लोग अपने रोजमर्रा के कामकाज और तनाव से दूर कुछ समय मनोरंजन के लिए यहां पहुंचे थे. बच्चों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. कार्यक्रम के दौरान परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर हास्य और संगीत का आनंद लेते रहे. कई अभिभावकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक जुड़ाव को बढ़ाते हैं. बच्चों को भी अच्छे मनोरंजन का अवसर मिलता है. पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह दोनों देखने को मिला. लोगों ने इसे जमुई के लिए एक सकारात्मक पहल बताया. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी लोग इसकी चर्चा करते नजर आए.युवाओं में दिखा गजब का उत्साह
लाफ्टर शो को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया. कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में युवा स्टेडियम पहुंच गये थे. कई युवाओं ने अपने दोस्तों के साथ समूह बनाकर कार्यक्रम का आनंद लिया. मंच पर होने वाली हर प्रस्तुति पर युवाओं की जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली. हास्य कलाकार के चुटकुलों पर सबसे ज्यादा ठहाके भी युवाओं की ओर से सुनाई दिये. युवाओं का कहना था कि जमुई में इस तरह के बड़े सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम लगातार होने चाहिए. इससे लोगों को नये अनुभव मिलते हैं और स्थानीय स्तर पर सकारात्मक माहौल बनता है. कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने तस्वीरें और वीडियो भी बनाये. सोशल मीडिया पर भी आयोजन की खूब चर्चा होती रही. युवाओं ने इसे जमुई के लिए यादगार शाम बताया.देर रात तक स्टेडियम में बना रहा उत्सव जैसा माहौल
जमुई. कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा. दर्शकों की भारी भीड़, मंच की आकर्षक सजावट और लगातार हो रही प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बनाये रखा. लोग पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे. हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही. देर रात तक लोग अपनी सीटों पर जमे रहे और कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे. आयोजन स्थल पर ऊर्जा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला. कई लोगों ने कहा कि लंबे समय बाद जमुई में इस स्तर का मनोरंजक कार्यक्रम देखने को मिला है. इससे लोगों को सकारात्मक संदेश भी मिला कि मनोरंजन जीवन का जरूरी हिस्सा है. लाफ्टर शो में बच्चों की मौजूदगी भी काफी संख्या में रही. कार्यक्रम के दौरान बच्चे कलाकारों की प्रस्तुतियों का खूब आनंद लेते नजर आए. हास्य कलाकार के मजेदार अंदाज और संवादों पर बच्चों की हंसी पूरे स्टेडियम में गूंजती रही. कई बच्चे अपने अभिभावकों के साथ कार्यक्रम देखने पहुंचे थे.प्रभात खबर की पहल को मिली सराहना
जमुई. लाफ्टर शो के आयोजन को लेकर लोगों ने प्रभात खबर की सराहना की. दर्शकों का कहना था कि प्रभात खबर केवल खबरों तक सीमित नहीं रहकर सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रहा है. इस तरह के कार्यक्रम लोगों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं. आयोजन के माध्यम से जमुई के लोगों को राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को करीब से देखने और सुनने का अवसर मिला. लोगों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम होने चाहिए. इससे जिले की सांस्कृतिक गतिविधियों को नयी पहचान मिलेगी. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आयोजन की व्यवस्था की भी प्रशंसा की.कलाकारों से मिलने को उत्सुक दिखे लोग
जमुई. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ. कई लोग कलाकारों से मिलने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्सुक नजर आये. विशेष रूप से युवाओं और बच्चों में यह उत्साह अधिक देखने को मिला. कलाकारों के प्रति लोगों का आकर्षण साफ दिखाई दे रहा था. दर्शकों ने कलाकारों के साथ सेल्फी ली और उनसे बातचीत करने का प्रयास किया. कई लोगों ने कहा कि टीवी पर दिखने वाले कलाकारों को सामने देखना उनके लिए विशेष अनुभव रहा. आयोजन ने दर्शकों और कलाकारों के बीच एक आत्मीय संबंध स्थापित करने का काम किया. यही वजह रही कि कार्यक्रम के बाद भी लोग लंबे समय तक स्टेडियम परिसर में मौजूद रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










