जमुई में मॉरल पुलिसिंग के नाम पर कानून हाथ में लेने पर उठे सवाल, मड़वा से कोहबरबा मोड़ तक सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

Updated:
विज्ञापन

जमुई में मंगलवार को पुलिस कार्रवाई के बाद अस्पताल के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमुई में मॉरल पुलिसिंग के नाम पर कानून हाथ में लेने की घटनाएं बढ़ रही हैं. मड़वा से कोहबरबा मोड़ तक सामने आए केस गंभीर सवाल उठाते हैं. जानिए पूरा मामला.

विज्ञापन

जमुई. जिला मुख्यालय के मड़वा गांव में नाबालिग छात्रा और छात्र के साथ कथित बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन नाबालिग छात्रा के साथ जिस तरह की घटना सामने आयी, उसने कई सवाल खड़े कर दिये हैं. सवाल यह भी है कि मॉरल पुलिसिंग के नाम पर लोग किस हद तक कानून अपने हाथ में ले सकते हैं. जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. जिले में पूर्व में सामने आये चार मामलों से इसकी तस्वीर समझी जा सकती है.

विज्ञापन

केस स्टडी-1 : पहाड़ी पर मिले प्रेमी युगल की पिटाई

27 अक्टूबर 2024 को मड़वा के पास स्थित दौलतपुर गांव की पहाड़ी पर प्रेमी युगल के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था. बताया गया कि दोनों पहाड़ी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान कुछ युवकों की नजर उन पर पड़ी. आरोप है कि युवकों ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों तथा ईंट से उसकी पिटाई शुरू कर दी. प्रेमिका ने युवक को बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी बदसलूकी और बाल पकड़कर घसीटने का आरोप लगा. घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया. वीडियो में युवक से उसकी जाति पूछे जाने की बात भी सामने आयी थी.

केस स्टडी-2 : गरही डैम में प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने पकड़ा

25 जुलाई 2025 को खैरा के गरही थाना क्षेत्र स्थित गरही डैम इलाके से प्रेमी युगल से जुड़ा वीडियो सामने आया था. बताया गया कि युवती अपने प्रेमी के साथ बाइक से डैम के आसपास घूम रही थी. इसी दौरान कुछ स्थानीय ग्रामीण वहां पहुंच गये और दोनों को पकड़ लिया. वीडियो में युवती हिजाब में नजर आ रही थी और कुछ लोग उस पर चेहरा दिखाने का दबाव बनाते दिखे. युवती के विरोध के बाद लोगों की ओर से उसके अभिभावक, स्थानीय मुखिया और पुलिस को बुलाने की बात कही गयी थी. वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गयी थी.

केस स्टडी-3 : महिलाओं का वीडियो बनाने के आरोप पर विवाद

3 मई 2026 को खैरा थाना क्षेत्र के हरियाडीह गांव में महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनका वीडियो बनाये जाने का मामला सामने आया था. शिकायत के अनुसार, कुछ महिलाएं शौच के लिए नदी की ओर गयी थीं. आरोप लगाया गया कि वहां बालू उठाव से जुड़े कुछ लोग महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते और उनका वीडियो बनाते थे. इसकी जानकारी मिलने पर एक युवक ने विरोध किया. आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गयी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. मामले की शिकायत खैरा थाना में की गयी थी. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गयी थी.

केस स्टडी-4 : जंगल में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को दौड़ाया

16 जुलाई 2023 को लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के कोहबरबा मोड़ के समीप जंगल में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को कुछ स्थानीय युवकों द्वारा पकड़ने का मामला सामने आया था. बताया गया कि प्रेमी युगल जंगल में बैठकर बातचीत कर रहा था. इसी दौरान कुछ युवकों की नजर उन पर पड़ी. दोनों वहां से भागने लगे, लेकिन युवकों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद उनके साथ बदसलूकी और धमकाने का आरोप लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच और कार्रवाई की बात कही थी. वीडियो में युवती के चेहरे से मास्क हटाने की कोशिश किये जाने की बात भी सामने आयी थी.

इन चारों घटनाओं में एक बात समान रूप से सामने आती है कि निजी संबंधों या कथित आचरण को लेकर लोगों द्वारा कानून अपने हाथ में लेने के आरोप लगे. ऐसे मामलों में घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से पीड़ितों की पहचान और निजता को लेकर भी गंभीर सवाल उठते हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन