जड़ी-बूटी खोजने निकले वैद्य का झाड़ियों में मिला शव, हत्या की आशंका में एक हिरासत में

Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 14 Jun 2026 6:25 PM

विज्ञापन

Jamui News:सिमुलतला के पलनियातरी गांव में जड़ी-बूटी खोजने निकले 55 वर्षीय वैद्य अकलू दास का शव झाड़ियों से बरामद हुआ. हत्या की आशंका के बीच पुलिस ने मुख्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

सिमुलतला. थाना क्षेत्र की कल्याणपुर पंचायत अंतर्गत पलनियातरी गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से पश्चिम स्थित बहियार की झाड़ियों से एक वृद्ध का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बघमारा गांव निवासी 55 वर्षीय अकलू दास के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है.

जड़ी-बूटी खोजने निकले थे अकलू दास

जानकारी के अनुसार, अकलू दास वर्षों से आयुर्वेदिक पद्धति से जड़ी-बूटियों के माध्यम से लोगों का उपचार करते थे. परिजनों ने बताया कि शनिवार दोपहर गांव के ही लालमोहन तांती उन्हें जड़ी-बूटी खोजने के बहाने अपने साथ ले गया था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने उनकी तलाश शुरू की.

तलाश के दौरान झाड़ियों में मिला शव

मृतक के छोटे पुत्र रामचंद्र कुमार दास ने बताया कि खोजबीन के दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि पलनियातरी गांव में उनके पिता और लालमोहन तांती के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई थी. इसके बाद जब परिजन लालमोहन के घर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला और परिवार के सदस्य भी घर से गायब थे. संदेह बढ़ने पर स्वजनों ने खेतों, बहियार, झाड़ियों और कुओं में तलाश शुरू की. इसी दौरान झाड़ियों में अकलू दास का लहूलुहान शव बरामद हुआ.

शराब के नशे में विवाद के बाद हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया. मारपीट के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से अकलू दास की मौत हो गई. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार, सिमुलतला थानाध्यक्ष रूबी कुमारी एवं चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण फॉरेंसिक नमूने एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

क्या कहते हैं एसडीपीओ

झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मामले के मुख्य संदिग्ध लालमोहन तांती को हिरासत में लिया गया है. लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन