जमुई के गिद्धौर में परीक्षा ड्यूटी के दौरान शिक्षिका की बिगड़ी तबीयत: अस्पताल में चिकित्सकों ने घोषित किया मृत

Updated:
विज्ञापन

शिक्षिका प्रियंका कुमारी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गिद्धौर के कन्या मध्य विद्यालय में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात विशिष्ट शिक्षिका प्रियंका कुमारी का अचानक निधन हो गया. उनकी मौत से विद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई. प्रशासन ने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या मध्य विद्यालय गिद्धौर में पदस्थापित विशिष्ट शिक्षिका प्रियंका कुमारी का गुरुवार को स्कूल में परीक्षा ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया. इस अप्रत्याशित और दुखद घटना के बाद विद्यालय परिसर में कोहराम मच गया और पूरे जिले के शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई.

विज्ञापन

सहकर्मी शिक्षकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को विद्यालय में अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा का संचालन हो रहा था. सभी शिक्षक मुस्तैदी से अपनी-अपनी कक्षाओं में ड्यूटी कर रहे थे.

कक्षा में वीक्षण कार्य के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

परीक्षा कार्य के दौरान दोपहर लगभग 2:30 बजे शिक्षिका प्रियंका कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह परीक्षा कक्ष में ही लड़खड़ाकर अचेत होकर गिर पड़ीं.

कक्षा में अफरा-तफरी मचते ही विद्यालय प्रबंधन और सहकर्मी शिक्षक तत्काल उन्हें दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), गिद्धौर लेकर पहुंचे. सीएचसी में प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया.

सदर अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया.

छठे चरण के तहत 2022 में बनी थीं स्नातक शिक्षिका

मृत शिक्षिका प्रियंका कुमारी चरकापत्थर निवासी मुरलीधर वर्णवाल की पुत्री थीं, जबकि उनकी ससुराल झाझा में है. उनके पति का नाम सुरेश वर्णवाल है.

वह छठे चरण के शिक्षक नियोजन के तहत फरवरी 2022 में कन्या मध्य विद्यालय गिद्धौर में अंग्रेजी विषय की स्नातक शिक्षिका के रूप में नियुक्त हुई थीं. बाद में उन्होंने सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण कर विशिष्ट शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखी थीं. वह अपने मृदुभाषी व्यवहार और शिक्षण के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती थीं.

शिक्षक समुदाय मर्माहत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

शिक्षिका के असामयिक निधन की सूचना मिलते ही कन्या मध्य विद्यालय के प्राचार्य निरंजन पासवान सहित शिक्षिका अंशु माला, रीता कुमारी, सुजाता तिवारी, रावत निर्मला इंद्रदेव, भरत कुमार, राजवंश केशरी, किरण कुमारी, स्वेत कनिका, वंदना कुमारी, अमृता प्रीतम, प्रतिभा कुमारी, शिक्षक राजीव कुमार वर्णवाल, दिलीप मंडल, आशीष कुमार, पप्पू मालवीय और युगल किशोर रजक गहरे सदमे में हैं.

प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई. शिक्षिका अपने पीछे पति और दो मासूम बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभारी बीईओ सह बीडीओ पहुंचे विद्यालय, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

घटना की सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सह गिद्धौर बीडीओ सुनील कुमार सीधे कन्या मध्य विद्यालय पहुंचे और साथी शिक्षकों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.

बीडीओ सुनील कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और शिक्षा विभाग इस अत्यंत दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है. उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय स्तर से नियमानुकूल और विधिसम्मत सभी देय सहायता राशि व अन्य सुविधाएं परिजनों को बिना विलंब उपलब्ध कराई जाएंगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन