आपसी विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, दोनों ने दर्ज करायी प्राथमिकी

थाना क्षेत्र की जामुखेरेईया पंचायत अंतर्गत पताव गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी.
झाझा. थाना क्षेत्र की जामुखेरेईया पंचायत अंतर्गत पताव गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया गया है. पहले पक्ष के सहदेव पासवान ने गणेश यादव समेत करीब दो दर्जन लोगों पर मारपीट करने व जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि होली के दिन मुकेश अनियंत्रित तरीके से बाइक चला रहा था और इस दौरान उसने एक बच्चे को धक्का मार दिया, इसके बाद वह मौके से भाग गया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने उनके भतीजे व घर की महिलाओं के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया. वहीं दूसरे पक्ष के गणेश यादव ने भी करीब दो दर्जन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि थाना में पदस्थापित चौकीदार कुंदन कुमार पासवान ने होली के दिन शराब के नशे में गाली-गलौज की. दूसरे दिन जब वह दूध लाने जा रहे थे, तभी कुंदन कुमार पासवान ने उनके साथ मारपीट की. उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनकी पत्नी जया देवी और भतीजा धीरज उन्हें बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गयी. इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा दिये गये आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




