सघन वाहन जांच अभियान में 60 हजार वसूला जुर्माना

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है.
झाझा. होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. इसी कड़ी में एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में सोमवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत सोहजना मुहल्ला स्थित कर्पूरी चौक के समीप सोनो-झाझा-जमुई मुख्य मार्ग पर चलाए गए इस अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई. पुलिस टीम ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन कागजात, हेलमेट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. इस दौरान जिन वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए, उनसे जुर्माना वसूला गया. अभियान के दौरान कुल 60 हजार रुपये बतौर जुर्माना वसूले गए. एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए विशेष रूप से शराब तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और झाझा-चकाई क्षेत्र झारखंड की सीमा से सटा होने के कारण अवैध शराब की आवाजाही की आशंका बनी रहती है. इसे रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए जागरूक भी किया. मौके पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




