हाजीपुर में बाढ़ से 2.98 लाख आबादी प्रभावित, 266 नाव और 54 सामुदायिक रसोई से राहत जारी
नाव से आते जाते लोग
वैशाली जिले में गंगा और गंडक के बढ़ते जलस्तर ने 2.98 लाख से अधिक लोगों को प्रभावित किया है. जिला प्रशासन 266 नावों के निःशुल्क परिचालन, 54 सामुदायिक रसोई और 21 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से राहत और बचाव कार्य को तेज़ी से आगे बढ़ा रहा है. प्रभावित लोगों को भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और पशु चारा पहुंचाया जा रहा है.
Vaishali Flood: गंगा और गंडक के बढ़े जलस्तर को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार चलाया जा रहा है. जिले के छह प्रखंड राघोपुर, हाजीपुर, महनार, देसरी, सहदेई बुजुर्ग और बिदुपुर बाढ़ से प्रभावित हैं. इन प्रखंडों की 32 पंचायतों के 84 गांवों में बाढ़ का असर है. जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक करीब 2,98,800 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.
इसके अलावा हाजीपुर नगर परिषद के आठ वार्ड और महनार नगर परिषद के पांच वार्ड भी बाढ़ प्रभावित हैं. प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों तक भोजन, राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं और पशु चारा पहुंचाने का दावा किया गया है.
266 नावों का निःशुल्क परिचालन
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की आवाजाही और राहत कार्य के लिए जिला प्रशासन की ओर से 266 नावों का निःशुल्क परिचालन कराया जा रहा है. आवश्यकता के अनुसार नावों की संख्या बढ़ाने की भी व्यवस्था की गयी है.
प्रशासन के अनुसार, अब तक 33,529 पॉलिथीन शीट्स और 13,600 ड्राई राशन पैकेट वितरित किये जा चुके हैं. प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार अन्य राहत सामग्री भी उपलब्ध करायी जा रही है.
54 सामुदायिक रसोई में तैयार हो रहा भोजन
बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में 54 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं. इन रसोई के माध्यम से प्रभावित लोगों को दोपहर और रात का निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को कुल 4,58,674 भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है.
21 स्वास्थ्य शिविरों में 2,551 मरीजों का इलाज
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 21 स्वास्थ्य शिविर संचालित किये जा रहे हैं. इन शिविरों में लोगों की निःशुल्क जांच और उपचार किया जा रहा है. अब तक कुल 2,551 मरीजों का उपचार किया गया है.
जलजनित बीमारियों की रोकथाम और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए 762 हैलोजन टैबलेट भी वितरित किये गये हैं.

10 पशु चिकित्सा शिविर, 59,410 किलो चारा वितरित
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के उपचार के लिए 10 पशु चिकित्सा शिविर चलाये जा रहे हैं. इन शिविरों में अब तक 763 पशुओं का उपचार किया गया है.
पशुपालकों को राहत देने के लिए अब तक कुल 59,410 किलोग्राम पशु चारा वितरित किया जा चुका है.
24 घंटे बाढ़ की निगरानी, तटबंधों पर पेट्रोलिंग
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ की स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. संबंधित पदाधिकारी और कर्मी क्षेत्र में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं.
तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है. आवश्यकता के अनुसार पेट्रोलिंग और अन्य सुरक्षात्मक उपाय भी किये जा रहे हैं.
बाढ़ को लेकर नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी
बाढ़ से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किये हैं.
- जिला नियंत्रण कक्ष, वैशाली: 06224-260233, 06224-260234
- अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, हाजीपुर: 06224-272215
- अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, महनार: 06229-299950
जिला प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. लोगों को नदी के किनारे, तेज बहाव वाले क्षेत्रों और जलभराव वाले स्थानों से अनावश्यक रूप से दूर रहने की सलाह दी गयी है. खासकर महिलाओं और बच्चों को बाढ़ के पानी, नदी और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए