हाजीपुर में लूट में नाकाम बदमाश ने ट्रक चालक को चाकू से गोदा, घायल ने हमलावर को दबोचा
घटनास्थल पर लोगों का भीड़ और पुलिस | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में ओवरब्रिज पर ट्रक चालक पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ. लूटपाट की कोशिश में असफल रहने पर बदमाश ने चालक पर कई वार किए. घायल होने के बावजूद ट्रक चालक ने हिम्मत दिखाकर हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया.
Hajipur News : औद्योगिक थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह करीब पांच बजे लूटपाट के दौरान एक ट्रक चालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. सामान लूटने में असफल रहने पर ऑटो चालक ने ट्रक चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. हालांकि, जख्मी होने के बावजूद ट्रक चालक ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया.
पटना से रक्सौल जा रहा था ट्रक
घायल चालक की पहचान परसा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी शैलेश राय के रूप में हुई है. पीड़ित के अनुसार वह ट्रक पर राशन लादकर पटना से रक्सौल जा रहा था. इसी दौरान ओवरब्रिज के समीप ट्रक खड़ा कर कुछ देर आराम कर रहा था.
पीछे से ऑटो से पहुंचा आरोपी
शैलेश राय ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक में आराम कर रहा था, तभी पीछे से ऑटो पर सवार एक व्यक्ति वहां पहुंचा. आरोपी ने लूटपाट की नीयत से सामान छीनने की कोशिश की. चालक ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया.
घायल होने के बाद भी हमलावर को पकड़ा
चाकू के कई वार से चालक लहूलुहान हो गया. इसके बावजूद उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया. घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना और सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को हिरासत में लेते हुए उसकी ऑटो को भी जब्त कर लिया.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
पुलिस ने घायल ट्रक चालक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए