हाजीपुर स्टेशन पर 17 किलो गांजा बरामद, तीन महिलाएं गिरफ्तार; न्यायिक हिरासत में भेजी गयीं आरोपित
पुलिस और गिरफ्तार महिला तस्कर | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में 17 किलोग्राम से अधिक गांजा के साथ तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. जब्त गांजे की कीमत करीब 8.50 लाख रुपये आंकी गई है. ये महिलाएं गांजा तस्करी के रैकेट का हिस्सा थीं और इसे कुशीनगर ले जा रही थीं.
Hajipur News : हाजीपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज के नीचे शनिवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गांजा के साथ गिरफ्तार किया. तीनों के पास से 15 पॉलीथिन पैकेट में कुल 17.139 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. जब्त गांजे की कीमत करीब 8.50 लाख रुपये आंकी गयी है. प्राथमिक जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई.
गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई
आरपीएफ और जीआरपी की टीम को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी. इसके बाद नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज के नीचे निगरानी कर तीन महिलाओं को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा बरामद हुआ. सभी 15 पैकेटों को पी-1 से पी-15 तक चिन्हित कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्ती की कार्रवाई पूरी की गयी.
तीनों महिलाओं के पास से मिला गांजा
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान तेतरी देवी निवासी बगहा के रूप में हुई. उसके पास से 4.423 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. वहीं, तमकुही रोड, कुशीनगर, उत्तर प्रदेश निवासी सरतीमा देवी उर्फ अर्चना देवी के पास से 4.267 किलोग्राम गांजा मिला. तीसरी आरोपित विमलावती देवी, निवासी तमकुही रोड, कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के कब्जे से 8.449 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
कुशीनगर ले जाने की बात कही
प्राथमिक पूछताछ में तीनों महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वे गांजा खरीदकर कुशीनगर ले जा रही थीं. वहां इसकी तस्करी की जानी थी. पुलिस अब इस मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाले और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
न्यायिक हिरासत में भेजी गयीं आरोपित
मामले में जीआरपी हाजीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. गिरफ्तार तीनों महिलाओं को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस और आरपीएफ की टीम तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए