वैशाली: बिदुपुर में मिसाल बना युवक का साहस; गंगा में डूबते तीन लोगों की बचाई जान, खुद गहरे भंवर में समाया, गांव में पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन

मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network

गंगा नदी में जान जोखिम में डालकर तीन लोगों को बचाने वाले 25 वर्षीय विकास की दर्दनाक मौत हो गई. दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले इस बहादुर युवक की कहानी हर किसी की आंखें नम कर रही है.

विज्ञापन

Hajipur News: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना अंतर्गत सैदपुर गणेश गंगा घाट पर शनिवार को मानवता और अदम्य साहस की ऐसी मिसाल सामने आई, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. गंगा नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूब रहे तीन श्रद्धालुओं की जान बचाने के क्रम में 25 वर्षीय एक साहसी युवक की खुद गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. दूसरों को जीवनदान देकर अपनी जान न्योछावर करने वाले युवक की इस शहादत से समूचे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तीन जिंदगियों को खींच निकाला, खुद तेज धारा में बहा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को गंगा घाट पर स्नान के दौरान अचानक तीन लोग तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे भंवर में डूबने लगे और मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे. घाट पर मौजूद सदर थाना क्षेत्र के रजौली सेंदुअरी गांव निवासी स्व. रामनाथ राय के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत उफनती नदी में छलांग लगा दी. उसने गजब की बहादुरी और तैराकी कौशल का परिचय देते हुए एक-एक कर तीनों डूबते लोगों को सुरक्षित किनारे खींच निकाला. लेकिन लगातार संघर्ष और नदी की विकराल धारा के थपेड़ों से वह खुद को संभाल नहीं सका और गहरे पानी में समा गया.

स्थानीय गोताखोरों ने निकाला शव, घाट पर मची चीख-पुकार

हादसे की खबर जंगल की आग की तरह सैदपुर गणेश और आसपास के गांवों में फैल गई. सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और बदहवास परिजन दौड़ते हुए घाट पर पहुंचे. स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद विकास के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला गया. युवक का निष्प्राण शरीर देखते ही परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा गंगा तट दहल उठा.

पिता के निधन के बाद ननिहाल में रहकर कर रहा था संघर्ष

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2011 में ही विकास के पिता का साया सिर से उठ गया था. पिता के देहांत के बाद से ही वह सैदपुर गणेश स्थित अपने ननिहाल में नाना ब्रज सिंह के यहां रहकर मेहनत-मजदूरी करता था और परिवार का संबल बना हुआ था. दो भाइयों और एक बहन के गरीब परिवार में विकास ही उम्मीद की किरण था. पहले से आर्थिक तंगी झेल रहे परिवार पर इस असमय वज्रपात ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा: थानाध्यक्ष

"सैदपुर गणेश गंगा घाट पर डूबते लोगों को बचाने के क्रम में युवक के डूबने की सूचना पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा था. शव का पंचनामा तैयार कर हाजीपुर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और तत्पश्चात परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है." रवि प्रकाश, थानाध्यक्ष, बिदुपुर

Also Read: राघोपुर में बाढ़ का कहर, 76 गांव जलमग्न, सड़क पर 5 फीट तक पानी, राहत सामाग्री के आस में पीड़ित

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन