हाजीपुर के पातेपुर में पशुपालक के निधन पर परिवार को मिली 1.25 लाख की मदद, सुधा डेयरी ने दिए सहयोग राशि
परिजन को चेक सौंपते समिति के सचिव
हाजीपुर के पातेपुर प्रखंड में किसान तारण राय के असामयिक निधन पर महेया दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति ने उनके परिवार को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की. समिति पशुपालकों की मुश्किलों में हमेशा साथ खड़ी रहती है.
Patepur Sudha Dairy Give Sahyog Rashi : हाजीपुर के पातेपुर प्रखंड क्षेत्र के मालपुर गांव निवासी किसान तारण राय के असामयिक निधन के बाद महेया दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति की ओर से उनके परिवार को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी गयी. दुग्ध संग्रह केंद्र के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में समिति के सचिव लौलीन राय और सुधा डेयरी के पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से मृतक की पत्नी को एक लाख रुपये का चेक सौंपा.
इसी कार्यक्रम में एक पशुपालक की भैंस की मृत्यु होने पर उसे भी सहायता के रूप में 25 हजार रुपये का चेक दिया गया. स्थानीय मुखिया जिवच्छ राय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति के सैकड़ों सदस्य और पशुपालक मौजूद रहे.
बीमारी से हुई थी तारण राय की मौत
समिति के सचिव लौलीन राय ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए बताया कि मालपुर टोला निवासी तारण राय का कुछ दिनों पहले बीमारी के कारण असामयिक निधन हो गया था. तारण राय महेया दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति में लगातार दूध दिया करते थे.
बताया गया कि उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत पशुपालन ही था. उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए डेयरी प्रबंधन के निर्देश पर सहायता राशि के रूप में एक लाख रुपये का चेक दिया गया.
पशुपालकों की परेशानी में समिति साथ
स्थानीय मुखिया जिवच्छ राय ने कहा कि दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति पशुपालकों की विकट परिस्थितियों में उनकी मदद करती है. पशुपालन से जुड़े परिवारों को किसी तरह की परेशानी होने पर समिति की ओर से सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है.
कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को समिति की ओर से दी जाने वाली सहायता और सहयोग की जानकारी भी दी गयी. सहायता राशि मिलने पर मृतक के परिजनों ने समिति और डेयरी प्रबंधन के प्रति आभार जताया.इस अवसर पर पैक्स अध्यक्ष ऋषिदेव राय, सरपंच परमानंद राय, अवध राय, पप्पू पंडित समेत बड़ी संख्या में पशुपालक और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
हाजीपुर जलस्तर घटने से बाढ़ की स्थिति में सुधार, 93 गांवों को मिली राहत, कटाव प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए