हाजीपुर जलस्तर घटने से बाढ़ की स्थिति में सुधार, 93 गांवों को मिली राहत, कटाव प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
बाढ़ में नाव पर मेडिकल शिविर
वैशाली जिले में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे स्थिति में सुधार आ रहा है. प्रशासन राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं और पशुधन के उपचार पर भी विशेष ध्यान दे रहा है.
Hajiupr Flood Update : वैशाली जिले में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर घटने लगा है. पानी कम होने के साथ राहत और बचाव कार्यों के अलावा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़े काम भी लगातार किए जा रहे हैं. बाढ़ के दौरान जिले में अधिकतम 32 पंचायत, 2 नगर निकाय, 93 गांव और 12 वार्ड प्रभावित रहे. इस दौरान कुल 2,98,800 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए.
वर्तमान में जलस्तर में कमी आने के साथ प्रभावित इलाकों की स्थिति में सुधार हो रहा है. आवागमन और राहत कार्यों के लिए फिलहाल 64 नावों का परिचालन किया जा रहा है.
48 हजार से अधिक पॉलीथिन शीट बांटी गई
राहत कार्य के तहत अब तक 48,255 पॉलीथिन शीट और 19,180 ड्राई राशन पैकेट वितरित किए गए हैं. बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अब तक कुल 39 सामुदायिक रसोई संचालित की गयी थीं. हालांकि वर्तमान में जिले में किसी भी स्थान पर सामुदायिक रसोई संचालित नहीं है.

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए फिलहाल 10 स्वास्थ्य शिविर चल रहे हैं. अब तक इन शिविरों और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से कुल 22,672 मरीजों का उपचार किया गया है.
5,750 पशुओं का हुआ इलाज
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुधन की सुरक्षा और उपचार के लिए भी कार्रवाई जारी है. अब तक कुल 5,750 पशुओं का उपचार किया गया है. पशुओं के लिए 1,01,340 किलोग्राम चारा वितरित किया जा चुका है. संबंधित विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में पशुधन की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
पानी घटने के बाद सफाई पर जोर
जलस्तर घटने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता और कीटाणुशोधन का काम भी लगातार किया जा रहा है. जिन इलाकों से बाढ़ का पानी निकल रहा है, वहां आवश्यकता के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है.
PM मोदी के जन्मदिन पर हाजीपुर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, अक्षयवट राय स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ का पानी घटने के बाद भी दूषित पानी के इस्तेमाल से बचें. स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें तथा घर और आसपास की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें. जलजनित और संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की भी अपील की गयी है.
नदी किनारे जाने से बचने की अपील
प्रशासन ने बताया कि जलस्तर घटने के दौरान नदी के किनारे और तटवर्ती इलाकों में जमीन के अंदर पानी के दबाव में बदलाव के कारण जमीन कमजोर हो सकती है. इससे अचानक जमीन धंसने या कटाव बढ़ने की संभावना रहती है.
ऐसे में लोगों से नदी किनारे, कटाव प्रभावित क्षेत्रों, तटबंधों और कमजोर जमीन वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गयी है. खासकर बच्चों और पशुओं को इन स्थानों से दूर रखने को कहा गया है. कहीं जमीन में दरार, धंसाव या तेज कटाव दिखाई देने पर तत्काल संबंधित अंचल प्रशासन या स्थानीय पदाधिकारी को सूचना देने की अपील की गयी है.
विश्वकर्मा पूजा को लेकर पूरे जिला में उत्साह हाजीपुर में विश्वकर्मा पूजा की तैयारी तेज, गैरेज से वर्कशॉप तक सजने लगे पूजा स्थल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए