वैशाली: श्रावणी मेले को लेकर एसपी सख्त, थानाध्यक्षों को विशेष निगरानी और गश्त बढ़ाने का निर्देश

Author Abhishek Kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
एसपी पुलिस अधिकारी के साथ बैठक करते हुए | Prabhat Khabar Network

पुलिस अधिकारी के साथ बैठक करते एसपी

Hajipur Shravani Mela: वैशाली के पुलिस अधीक्षक ने जिले के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में आगामी श्रावणी मेले के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा हुई. SP ने थानाध्यक्षों को विशेष निगरानी, गश्त और सघन वाहन जांच के निर्देश दिए.

विज्ञापन

Hajipur Shravani Mela: हाजीपुर समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में शनिवार की देर रात तक जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक ने समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और आगामी श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए. एसपी ने थानावार सभी कांडों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.

श्रावणी मेले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त

एसपी ने आगामी श्रावणी मेला पर्व को देखते हुए सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के पूजा स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने निरंतर गश्ती अभियान चलाने और सघन वाहन जांच सुनिश्चित करने को कहा.

साथ ही ईआरवी वाहनों का समुचित उपयोग करते हुए अवैध शराब के विनष्टीकरण तथा शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. आरटीआई के लंबित मामलों का समय पर निष्पादन करने और एनएफआईसी के तहत गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का शत-प्रतिशत अंगुलांक सुनिश्चित करने को कहा गया.

लंबित मामलों के निष्पादन और अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना परिसर एवं थाना हाजत को पूर्णतः साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि थानावार दिए गए विभिन्न लक्ष्यों एवं लंबित कांडों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही जिला एवं थाना स्तर पर चिन्हित टॉप-10 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हर हाल में सुनिश्चित की जाए. उन्होंने थाना क्षेत्रों में गश्ती वाहनों एवं डायल-112 वाहनों के माध्यम से नियमित पेट्रोलिंग, त्वरित इवेंट रिस्पॉन्स और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए.

अवैध खनन और मद्यनिषेध मामलों में होगी सख्त कार्रवाई

एसपी ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपराध नियंत्रण के लिए सूचना और आसूचना संकलन पर विशेष ध्यान दें. पुराने लंबित इश्तिहार, वारंट और कुर्की के मामलों का अधिकतम निष्पादन सुनिश्चित करें. थाना के सभी उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग किया जाए तथा थाना आने वाले सभी लोगों के लिए आगंतुक रजिस्टर संधारित किया जाए.

उन्होंने नियमित रूप से गुंडा पंजी, पासपोर्ट सत्यापन संबंधी मामलों एवं थाना सिरिस्ता के कार्यों को अद्यतन रखने का भी निर्देश दिया. साथ ही अवैध खनन एवं मद्यनिषेध से जुड़े मामलों में संलिप्त माफियाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा.

नियमित होगी क्रिमिनल और चौकीदारी परेड

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को थाना परिसर में नियमित रूप से क्रिमिनल परेड और चौकीदारी परेड आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जाए.

बैठक में एएसपी प्रेम सागर, मुख्यालय डीएसपी अबू जफर इमाम, सदर टू डीएसपी गोपाल मंडल, महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार, डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष चांदनी सुमन, अंचल पुलिस निरीक्षक, विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष एवं ओपी अध्यक्ष, जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) तथा एसपी कार्यालय के पदाधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Abhishek Kumar

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन