हाजीपुर: बेलसर में चोरी की बाइक के साथ दो छात्र गिरफ्तार, निशानदेही पर तीन और बाइक बरामद
फोटो | Prabhat Khabar Network
वैशाली के बेलसर में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की चार बाइक के साथ दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Hajipur News : बेलसर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो छात्रों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर चोरी की तीन अन्य बाइक भी बरामद की गयी हैं. बरामद चार बाइकों में R15, अपाचे, पल्सर और पैशन शामिल हैं. गिरफ्तार दोनों आरोपी सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र के मकेर गांव के रहने वाले हैं.
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को बेलसर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखते ही दोनों बाइक लेकर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर दोनों को रोक लिया.
कागजात मांगने पर बनाने लगे अलग-अलग बहाने
पुलिस ने जब बाइक के कागजात मांगे तो दोनों युवक अलग-अलग बहाने बनाने लगे. संदेह होने पर पुलिस दोनों को थाने ले आयी और पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान बाइक के चोरी की होने की बात सामने आयी.
पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा
पुलिस का कहना है कि कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों छात्रों ने बाइक चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की. दोनों ने बताया कि बेलसर थाना क्षेत्र के मनोरा गांव निवासी रोहित कुमार के घर से पांच अगस्त की रात चोरी हुई R15 बाइक भी उन्होंने ही चुरायी थी. यह बाइक मकेर थाना में पहले से जब्त थी.
मकेर में छापेमारी कर बरामद की गयीं दो बाइक
दोनों आरोपियों ने तीन अन्य बाइक चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता बतायी. इसके बाद बेलसर पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर मकेर थाना क्षेत्र में छापेमारी की. इस दौरान दो अन्य चोरी की बाइक बरामद की गयीं. वहीं, मकेर थाना में जब्त R15 बाइक को भी बरामदगी में शामिल किया गया.
इंजन और चेचिस नंबर से मालिकों का पता लगा रही पुलिस
पुलिस अब बरामद चारों बाइकों के इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी है. साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाइक चोरी की इन घटनाओं में दोनों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.
दोनों आरोपी छात्र हैं, एक पॉलिटेक्निक में पढ़ता है
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मकेर गांव निवासी प्रिंस कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है. प्रिंस कुमार राजकीय पॉलिटेक्निक वैशाली में थर्ड सेमेस्टर का छात्र है, जबकि रोहित कुमार भगवानपुर स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ाई करता है.
न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को भेजा गया जेल
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है और चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए